विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के साबलपुर में केंद्रीय विद्यालय 2 का भव्य नया परिसर बनेगा, 40 करोड़ से होगा निर्माण

Published: Fri, 11 Sep 2026 07:13 AM (IST)

Central School Dhanbad: धनबाद के साबलपुर में केंद्रीय विद्यालय संख्या 2 के नए परिसर के निर्माण को शिक्षा मंत्रालय ने ...और पढ़ें

केंद्रीय विद्यालय धनबाद-दो। (फाइल फोटो)

केंद्रीय विद्यालय धनबाद-दो। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. साबलपुर में 5 एकड़ में बनेगा केंद्रीय विद्यालय 2 का नया परिसर।

  2. करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से होगा अत्याधुनिक स्कूल का निर्माण।

  3. नए परिसर में छात्रों की संख्या तीन गुना बढ़कर 1500 तक होगी।

रविशंकर सिंह, धनबाद। जगजीवन नगर में डीजीएमएस की जमीन पर चल रहे केंद्रीय विद्यालय संख्या 2 को जल्द ही अपना परिसर मिलेगा। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने धनबाद के साबलपुर मौजा में केंद्रीय विद्यालय दो के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।

पहले चरण में केवी 2 के बाउंड्री वाल का प्राक्कलन मंजूर हो गया है। जल्द ही सैंक्शन लेटर मिल जाएगा। इसके बाद केंद्रीय लोक निर्माण विभाग काम शुरू करा देगा। पूरे परिसर का निर्माण करीब तीन वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। समूचे निर्माण पर करीब 40 करोड़ खर्च होंगे।

उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2003 में जगजीवन नगर में केवी 2 खुलने के बाद से परिसर के लिए जमीन तलाशने व निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी। प्रशासन की पहल पर साबलपुर में जरूरी पांच एकड़ जमीन विद्यालय को दे दी गई।

इसके बाद निर्माण के प्रस्ताव को शिक्षा मंत्रालय ने गहनता से अध्ययन करने के बाद मंजूर किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने स्कूल के बाउंड्री वाल के प्राक्कलन को मंजूर कर दिया है। पत्र मिलते ही काम शुरू होगा। योजना के अनुसार आधुनिक सुविधाओं वाला स्कूल तय समय में धनबाद को मिलेगा।

पढ़ाई व खेल की सभी अत्याधुनिक सुविधाएं

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार धनबाद के केंद्रीय विद्यालय को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय कोडरमा व पलामू की तर्ज पर बनाने की योजना है। परिसर में सभी जरूरी सुविधाएं होंगी।

स्कूल के लिए बहुमंजिला भवन, हाइटेक क्लास रूम, साइंस लैब, रोबोटिक लैब, एस्ट्रोटर्फ, बैडमिंटन कोर्ट समेत स्पोटर्स की सभी स्तरीय सुविधाएं होंगी। विद्यालय के शिक्षकों व शैक्षणिक कर्मियों के लिए परिसर में ही आवास बनेंगे। परिसर में चार लिफ्ट भी लगेंगे। पूरा स्कूल नए मानकों के अनुरूप होगा।

तीन गुना बढ़ जाएगी छात्रों की संख्या

केवी 2 के प्राचार्च मुकेश कुमार ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय नंबर 2 धनबाद की शुरुआत पांच मई 2003 को हुई थी। इसमें कक्षा I से X तक एक सेक्शन में करीब 450 छात्र छात्राएं हैं। लेकिन नए परिसर में बाल वाटिका एक, दो और तीन भी होगा।

कक्षा एक से 10 तक दो दो सेक्शन होंगे। साथ ही 11 वीं व 12 वीं में विज्ञान, वाणिज्य व मानविकी की पढ़ाई होगी। ऐसे में स्कूल में करीब 14 सौ से 15 सौ छात्र पढ़ सकेंगे। यानी वर्तमान संख्या से तीन गुना अधिक छात्र पढ़ेंगे।

साबलपुर में पांच एकड़ में केवी 2 का नया भवन होगा। मंत्रालय से बाउंड्री वाल के प्राक्कललन को मंजूरी मिल गई है। निर्माण जल्द शुरू होगा। धनबाद के बच्चों के लिए बढ़िया सौगात होगा।

-

आदित्य रंजन, उपायुक्त

वर्ष 2003 से जगजीवन में केवी 2 चल रहा है। स्कूल के लिए जमीन की तलाश कई बार हुई, लेकिन वर्तमान डीसी की पहल का नजीता है कि पांच एकड़ जमीन मिली और निर्माण का रास्ता साफ हुआ। डीसी की देखरेख में निर्माण होगा। कक्षाओं में सेक्शन की संख्या, छात्रों की संख्या व क्लासेस भी बढेंगे।

-

मुकेश कुमार, प्राचार्च, केवी 2