एसीबी ने निरसा के राजस्वकर्मी संतोष को 1500 रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार, पहले भी जा चुका है जेल
निरसा अंचल के लेदाहरिया पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी संतोष मिश्रा एक दाखिल-खारिज के मामले में इरफान अंसारी का परेशान कर रहा था। अंसारी ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
धनबाद, जेएनएन। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को निरसा अंचल के राजस्व कर्मचारी संतोष मिश्र को 1500 रुपये रिश्वत देते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। यह कार्रवाई निरसा के इरफान अंसारी की शिकायत पर की गई। इससे पहले भी रिश्वत मांगने के आरोप में संतोष पर धनबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।
निरसा अंचल के लेदाहरिया पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी संतोष मिश्रा एक दाखिल-खारिज के मामले में इरफान अंसारी को परेशान कर रहा था। अंसारी ने इसकी शिकायत एसीबी से की। बुधवार को डीएसपी अशोक गिरी के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर संतोष को पकड़ लिया। निरसा अंचल कार्यालय में सत्यापन करने के बाद एसीबी संतोष को धनबाद कार्यालय ले आई। प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
राजस्व कर्मचारी संतोष मिश्र निरसा से पहले धनबाद अंचल में पदस्थापित था। यहां भी उस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। दाखिल-खारिज के मामले में ही पैसे मांगने की शिकायत तत्कालीन उपायुक्त केएन झा से की गई थी। शिकायतकर्ता ने साक्ष्य के ताैर पर सीडी भी दी थी। उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को जांच का निर्देश दिया था। जांच के बाद धनबाद थाने में राजस्वकर्मी पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में संतोष जेल भी गया था।फिलहाल जमानत पर था। इसके बावजूद रिश्वतखोरी की आदत से बाज नहीं आया। और बुधवार को एसीबी के हाथों गिरफ्तार हो गया।