उपेंद्र सिंह हत्याकांड: सिंटू के निशानदेही पर पुलिस कर रही पिंटू की तलाश, बार-बार लोकेशन बदल दे रहा चकमा
उपेंद्र सिंह हत्याकांड में पुलिस ने हत्यारोपितों में से एक सिंटू सिंह को पकड़ लिया है और अब उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है जबकि सिंटू के भाई पिंटू और राजेश चौहान की तलाश अब भी जारी है।

जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर के रिकवरी एजेंट उपेंद्र सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार सिंटू सिंह के निशानदेही पर सरायढेला थाना की पुलिस उसके भाई पिंटू सिंह को ढूंढ़ रही है। घटना के दिन ही पिंटू सिंह जमशेदपुर फरार हो गया था। पुलिस की एक टीम उसे ढूंढ़ने जमशेदपुर गई है। इधर सिंटू ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि उसका भाई पिंटू एक-दो दिनों के अंदर सरेंडर करेगा। वह घटना में अपनी संलिप्तता से भी इंकार कर रहा है।
पुलिस के हाथ लगा सिंटू, पिंटू की तलाश जारी
इधर सरायढेला थाना की पुलिस सिंटू को जेल भेजने की तैयारी में जुटी है। मालूम हो कि सोमवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित पिंटू सिंह के भाई सिंटू सिंह को भूली मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। उपेंद्र की हत्या के बाद से दोनों भाई शहर छोड़कर फरार हो गये थे। दोनों को पुलिस ढूंढ़ रही थी। सोमवार की शाम सिंटू सिंह आटो से मटकुरिया रोड पेट्रोल पंप के पास उतरकर वहां से न्यू मटकुरिया कालोनी चोरी-चुपके अपने घर जा रहा था। इसी बीच पुलिस मिली खुफिया सूचना पर कार्रवाइ करते हुए मौके पर पहुंचकर सिंटू सिंह को धर दबोचा।
पिंटू का बार-बार बदल रहा लोकेशन
पूछताछ के दौरान सिंटू ने अपने भाई के जमशेदपुर में होने की बात पुलिस को बताई। हालांकि इससे पूर्व भी पुलिस को पिंटू सिंह के जमशेदपुर में होने की भनक लगी थी। पुलिस उसे ढूंढ़ने जमशेदपुर भी गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पिंटू सिंह का लोकेशन हर बार बदल रहा था। एक बार तो पिंटू सिंह का लोकेशन पश्चिम बंगाल का पुरुलिया भी था। पुलिस उसे ढूंढ़ने बंगाल भी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर राजेश चौहान को भी पुलिस ढूंढ़ रही है। घटना के दिन से ही वह भी फरार है। घटना के दूसरे दिन उसका लोकेशन बोकारो मिला था पर उसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।