जेल में बंद प्रिंस खान के इशारे पर हुई रंजीत की हत्या
धनबाद : जेवीएम युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह की हत्या वासेपुर गैंग्स ने ही की है, इसका खुलासा
धनबाद : जेवीएम युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह की हत्या वासेपुर गैंग्स ने ही की है, इसका खुलासा सोमवार को धनबाद एसएसपी मनोज रतन चोथे ने किया। इस कांड को लेकर पिछले छह दिनों से परेशान जिले की एसआइटी ने घटना में शामिल दो शूटर समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नाइन एमएम की दो पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, दोनों बाइक व सात मोबाइल बरामद हुई है। इस घटना में शामिल तीन अपराधियों को पुलिस अभी ढूंढ़ रही है।
एसएसपी मनोज रतन चोथे ने बताया कि जेल में बंद प्रिंस खान ने हत्या की साजिश रची थी। घटना को अंजाम दिलाने के लिए प्रिंस ने अपने काफी करीबी सहयोगियों को लगाया था। प्रिंस के इशारे पर ही उसके दोनों सहयोगियों ने अपने हाथों से रंजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इस घटना में प्रिंस के दोनों स्टाफ शूटर की भूमिका में थे, जबकि उसके साथ राजेश चौहान व बिंट्टू रवानी कादो सहयोगी जो घटना के दिन शूटरों की बाइक चला रहा था, उसमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, तो दूसरा अभी फरार है। गिरफ्तार अपराधियों में शमशाद अख्तर उर्फ विक्की तथा मो. औरंगजेब, वरुण कुमार विश्वकर्मा तथा पंकज कुमार यादव शामिल है। विक्की तथा औंरंगजेब प्रिंस का घरेलू स्टाफ है।
दोनों घटना को अंजाम देने के बाद प्रिंस के कहने पर वासेपुर छोड़ मुबंई भाग गए थे। पुलिस ने दोनों को मुबंई ओसीवारा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार व बाइक भी बरामद की गई है। घटना के दिन शूटर की बाइक चलानेवाला वरुण कुमार विश्वकर्मा पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है, जो लोयाबाद पांच नंबर का रहनेवाला है। वहीं दूसरे शूटर का चालक नीरज यादव पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस कांड में शूटरों के लिए रेकी करनेवाला पंकज यादव है। पंकज यादव बिंट्टू रवानी का खास आदमी है। पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर चुकी है। इस कांड के नामजद आरोपितों में राजेश चौहान तथा बिंट्टू रवानी फिलहाल पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं पुलिस उन दोनों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया है।