राजगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिली एंबुलेंस
राजगंज: राजगंजवासियों को जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दैनिक जागरण की पहल रंग लाई है।
राजगंज: राजगंजवासियों को जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दैनिक जागरण की पहल रंग लाई है। राज्य सरकार की तरफ से राजगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई है। चिकित्सीय उपकरणों से लैस इस एंबुलेंस में दो मेडिकल टेक्नीशियन भी रहेंगे। 08 नंबर पर डायल कर चौबीसों घंटे इस सुविधा का लाभ निश्शुल्क उठाया जा सकता है। इस एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार किया जा सकता है। अस्पताल पहुंचने तक मरीज की देखभाल व प्राथमिक उपचार के लिए टेक्नीशियन को प्रशिक्षित किया गया है।
जानकारी हो कि दैनिक जागरण ने 17 जुलाई 2018 के अंक में राजगंज अस्पताल को ही इलाज की जरूरत शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। 21 जुलाई को आजसू के केंद्रीय महामंत्री संतोष महतो व युवा समर्पण प्रमुख प्रमोद चौरसिया ने अस्पताल का मुआयना कर मुख्यमंत्री रघुवर दास को ट्वीट किया था। 48 घंटे के अंदर रांची से संबंधित विभाग ने संज्ञान लेकर डॉ संजय कुमार की नियुक्ति की थी। अब लगभग दो माह बाद इस अस्पताल को एंबुलेंस भी दे दी गई है।
इधर, अस्पताल में एंबुलेंस को रखने को लेकर हुए विवाद के बाद बाघमारा चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे। राजगंज अस्पताल में नियुक्त दोनों चिकित्सक डॉ. तिर्की व डॉ संजय को स्थानीय आवास में रहने को कहा, लेकिन दोनों ने पानी की समस्या की बात कह राजगंज में नहीं रहने की बात कही। डॉ. मनीष ने दोनों को आठ किमी के दायरे में रहने का फरमान जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि ओपीडी सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक चलेगा।