राजा तालाब की मेढ़ काटी, घरों में घुसा पानी
संस झरिया राजा तालाब के सुंदरीकरण के नाम पर ठेकेदार की ओर से ट्रेंच काट दिया गया।
संस, झरिया : राजा तालाब के सुंदरीकरण के नाम पर ठेकेदार की ओर से ट्रेंच काट दिया गया। इससे साउथ कोयरीबांध सतमोड़वा क्षेत्र के 70 घरों में तालाब का गंदा पानी घुस गया। लोग अपने-अपने घरों की छतों पर चले गए। कई घरों में रखा सामान खराब हो गया। दो घंटे के बाद लोगों को पता चला कि राजा तालाब के पानी की निकासी के लिए ठेकेदार ने ऐसा किया है। इसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
राजा तालाब के पानी की निकासी के लिए अग्रसेन भवन के पास जेसीबी मशीन से रास्ता काटा गया था। लोगों ने जनप्रतिनिधि को भी निशाना बनाया। कहा कि बारिश के मौसम लोग पहले से परेशान हैं। तालाब सुंदरीकरण के नाम पर और परेशान किया जा रहा है। लोगों ने कहा कि राजा तालाब में सुंदरीकरण के नाम पर पूर्व में लाखों की राशि की बदंरबाट की गई है। अब ऐसा नहीं होने देंगे। पूर्व पार्षद अनूप साव ने कहा कि संवेदक में अनुभव की कमी के कारण घटना हुई। तरीके से कार्य किया जाता तो यह समस्या कोयरीबांध के लोगों के साथ नहीं होती।
---
कार्य जो भी हो पर जानकारी देकर करना चाहिए। जानकारी के अभाव में आम लोगों को काफी परेशानी हुई।
- अनिल गुप्ता, कोयरीबांध।
----
अचानक पानी आने से घर में रखा खाना बर्बाद हो गया। इसकी भरपाई कौन करेगा। गंदा पानी भी घर में घूस गया।
- प्रेम लता, कोयरीबांध।
----
गंदा पानी से बदबू आ रहा है। पानी पूरे घर में घुस गया। घर के सामान नष्ट हो गए। कोई जनप्रतिनिधि देखने नहीं आया।
चंदन कुमार, कोयरीबांध।
----
तालाब का सौंदर्यीकरण होना चाहिए, लेकिन लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए। कोयरीबांध के सैकड़ों लोग परेशान हुए।
- सुनील गुप्ता, कोयरीबांध।