हल्की बारिश और तेज हवा से माैसम ने ली करवट, फिर लौट आई जाती हुई ठंड
धनबाद का अधिकतम दो दिन पहले 34 डिग्री तक पहुंच गया था। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में सात डिग्री तक गिरावट आ गई है।
धनबाद , जेएनएन। कोयलांचल में माैसम ने करवट ली है। सोमवार की देर तेज गति से चली हवा और हल्की बारिश के बाद जाती हुई ठंड फिर से लाैट आई है। मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। पारा गिरने से अलमीरा में बंद गर्म कपड़े एक बार फिर बाहर निकल गये। अगले एक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भी संभावना बन रही है। बारिश के बाद न्यूनतम पारा में थोड़ी और गिरावट का अनुमान है।
34 से गिरकर 27 पर पहुंचा धनबाद का अधिकतम तापमानः धनबाद का अधिकतम दो दिन पहले 34 डिग्री तक पहुंच गया था। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में सात डिग्री तक गिरावट आ गई है। न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री के बीच है। इसके एक बार फिर 12 पर पहुंचने की संभावना जताई गई है।
क्या कहते हैं एक्सपर्टः इस बारे में मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढऩे से आबोहवा बदल रही है। रविवार की देर रात आंधी-तूफान के साथ बारिश ने काल बैशाखी जैसी परिस्थिति उत्पन्न किया। हालांकि उसकी दिशा काल बैशाखी वाली नहीं थी। अगलेएक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने व बूंदाबांदी के आसार हैं। काल बैशाखी जैसी परिस्थिति बनी तो आंधी-बारिश की भी संभावना है।
चार मार्च के बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाजः चार मार्च को महाशिवरात्रि है। उस दौरान भी एक बार फिर आबोहवा बदलने का अनुमान है। राजस्थान, दिल्ली और आसपास में यह बदलाव पहले ही होगा। धनबाद में चार-पांच मार्च के बीच आसमान पर फिर बादल छाएंगे। बूंदाबांदी की भी संभावना है।