बैंक हड़ताल के मद्देनजर रेलवे ने कर्मचारियों का रखा खयाल, छह दिन पहले मिलेगा वेतन Dhanbad News
रेलवे ने 25 को ही सितंबर महीने की तनख्वाह देने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्रालय के निर्णय के बाद सोमवार को रेल मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। दुर्गा पूजा के मद्देनजर रेलवे ने अपने कर्मचारियों का खयाल रखा है। छह दिन पहले ही मासिक वेतन भुगतान का आदेश जारी किया है। 25 सितंबर को रेल कर्मचारियों के खाते में वेतन चला जाएगा।
इस साल दुर्गा पूजा का त्योहार सितंबर के अंत और अक्टूबर के शुरू में है। यह पूजा 29 सितंबर को कलश स्थापना से शुरू होगी। 7 अक्टूबर को महानवमी और 8 अक्टूबर को विजयादशमी है। पूजा से पहले इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। दुर्गा पूजा और 26-27 सितंबर की बैंक हड़ताल को लेकर चिंतित कर्मचारियों की चिंता को दूर करते हुए रेलवे ने 25 को ही सितंबर महीने की तनख्वाह देने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्रालय के निर्णय के बाद सोमवार को रेल मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। रेलवे बोर्ड की संयुक्त निदेशक स्थापना मंजू ने सभी जोन को पत्र जारी कर दिया है।
धनबाद रेल मंडल ने शुरू की तैयारियांः बोर्ड का पत्र मिलने के साथ ही धनबाद रेल मंडल ने वेतन भुगतान की तैयारियां शुरू कर दी है। सभी कर्मचारियों को उनके बैंक खाते में पैसे भेजे जाएंगे।
रेलकर्मियों को बोनस भुगतान की भी चल रही तैयारीः वेतन के साथ साथ रेल कर्मचारियों को मिलने वाले दुर्गा पूजा बोनस भुगतान की भी तैयारी शुरू हो गयी है। इस साल भी उन्हें 78 दिन के बोनस के तौर पर 17951 रुपए मिलेंगे। आज शाम से बोनस भी उनके खाते में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।