Pulse Polio Campaign : पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, 20-21 को घर-घर जाकर बच्चों को पिलाया जाएगा ड्रॉप Dhanbad News
विधायक राज सिन्हा और डीसी अमित कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। इस दौरान नवजात बच्चों को पोलियो का ड्राप पिलाया गया।
धनबाद, जेएनएन। विधायक राज सिन्हा और डीसी अमित कुमार ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद में पल्स पोलियो अभियान (Pulse Polio Campaign) की शुरुआत की। इस दौरान विधायक ने नवजात बच्चे को पोलियो का ड्राप पिलाया। मौके पर डीसी ने लोगों से अपील की कि अपने बच्चों को पोलियो रोधी ड्राप जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि एक बूंद से आप अपने बच्चे को इस खतरनाक बीमारी से बचा सकते हैं।
सिविल सर्जन डॉ गोपाल दास ने बताया कि धनबाद जिले में 0 से लेकर 5 वर्ष के बीच 4.23 लाख बच्चे हैं। इन बच्चों को पल्स पोलियो अभियान से जोड़ना है। इसके लिए 17 सौ से अधिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि 20 और 21 जनवरी को कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगे।
उद्घाटन सत्र से पहले बीएसएस बालवाड़ी के बच्चों सहित तमाम चिकित्सा पदाधिकारी और कर्मचारियों ने पल्स पोलियो को लेकर जागरुकता रैली निकाली। मौके पर सदर चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा, डॉक्टर सुधा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।