LockDown-2 : डालमिया-एसीसी में शुरू होगा उत्पादन; करीब 20 हजार लोगों को मिलेगा काम Bokaro News
धनबाद गिरिडीह व बोकारो के छ बड़े उद्योगों के साथ करीब 500 से अधिक उद्योगों में काम प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए राज्य के उप उद्योग निदेशक राजेन्द्र प्रसाद ने आदेश जारी कर दिया है।
धनबाद/बोकारो, जेएनएन। लॉकडाउन के दूसरे चरण में 20 अप्रैल यानी सोमवार से बोकारो औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार के तहत धनबाद, गिरिडीह व बोकारो के छ: बड़े उद्योगों के साथ लगभग 500 से अधिक उद्योगों में काम प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए राज्य के उप उद्योग निदेशक राजेन्द्र प्रसाद ने आदेश जारी करते हुए इन उद्योग मालिकों को भारत सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए उत्पादन प्रारंभ करने का निर्देश जारी कर दिया है।
आदेश में कहा गया है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के आलोक में शारीरिक दूरी तथा कोरोना के संक्रमण को रोकने के अन्य उपायों के साथ उत्पादन प्रारंभ किया जा सकता है। उद्योगों के चालू होने से इन तीन जिलों में मजदूरों को बड़ी राहत मिल सकती है। केवल इन तीन जिलें के छ: उद्योगों के चालू होने से लगभग 20 हजार से अधिक मजदूरों व उद्योग से जुड़े हुए लोगों को लाभ होगा। इसके अलावा सीबीएम का उत्पादन करने वाली कंपनी ओएनजीसी व गैसपाइप लाइन का काम कर रही कंपनी गेल का भी कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
केंद्र ने दी इन उद्योगों के संचालन की अनुमति : हॉटस्पाट वाले क्षेत्रों को छोड़कर केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने कृषि, इस्पात, कोयला, बिजली ऑप्टिक फाइबर केबल, कंप्रेसर एंड कंडेंसर इकाइयां, इस्पात और फेरस एलॉय मिल, पावरलूम, पल्प और कागज इकाइयां, उर्वरक, तथा सेज एवं निर्यात से जुड़ी कंपनियों को काम की अनुमति मिली है। ट्रांसफॉर्मर एवं सर्किट व्हीकल, टेलीकॉम इक्विपमेंट व कंपोनेंट और खाद्य एवं पेय पदार्थो से जुड़े उद्योगों के संचालन की अनुमति दी है। बोकारो, गिरिडीह व धनबाद में बिजली के ट्रांसफार्मर, स्टील एलाय के कई कारखाना है। बोकारो में सुंदरम स्टील, बोकारो टिंबर, भोले एलाय सहित कई उद्योग हैं जहां इस्पात उद्योग से जुड़ा काम होता है। इनमें 50 से 500 लोग काम करते थे। हालांकि हॉटस्पाट में रखे गए बोकारो के चंद्रपुरा व गोमिया के उद्योग नहीं चालू किए जा सकेंगे। साथ ही इस क्षेत्र के कर्मियों की सेवा भी नहीं ली जा सकेगी।
बियाडा के किन-किन उद्योगों को भेजा गया है पत्र
- डालमिया सीमेंट प्लांट - बोकारो
- सलुजा स्टील लिमिटेड- गिरिडीह
- मोंगिया स्टील लिमिटेड- गिरिडीह
- बालमुकुंद स्टील लिमिटेड-गिरिडीह
- अतिविर स्टील एंड पावर लिमिटेड -गिरिडीह
- एससीसी सीमेंट लिमिटेड- सिंद्री, धनबाद
उद्यमियों का क्या-क्या करना होगा उपाय :
- अपने कर्मचारियों के आवगमन की व्यवस्था करनी होगी।
- शारीरिक दूरी का ध्यान रखना होगा।
- प्रवेश के दौरान सबका थर्मल स्क्रीनिंग करना होगा।
- सुरक्षा के सामान दस्ताना, मास्क तथा सैनिटाइजर सहित अन्य सुविधा देनी होगी।
- औद्योगिक परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान देना होगा।