फीकी पड़ सकती है दुर्गा पूजा व रावण दहन की रौनक, धूप-छांव के बीच बारिश के आसार Dhanbad News
असम के समीप लो प्रेशर बनने से धनबाद व आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। अनुमान है कि 11 अक्टूबर तक बारिश होगी। इससे दुर्गा पूजा व रावण दहन की रौनक फीकी पड़ सकती है।
धनबाद, जेएनएन। रविवार की शाम एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। तेज गड़गड़ाहट के साथ शहर व आसपास के इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम में यह बदलाव अगले 11 अक्टूबर तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान धूप छांव के बीच बारिश भी होती रहेगी।
मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव ने बताया कि असम के समीप लो प्रेशर बनने की वजह से उस ओर जाने वाले बादल स्थानीय कारणों से मजबूत होकर यहां बारिश करा रहे हैं। इसका प्रभाव अगले कई दिनों तक बना रह सकता है। दूसरी ओर, झारखंड से मानसून की विदाई का भी समय हो चुका है।
उन्होंने कहा कि 10 से 11 अक्टूबर के बीच मॉनसून झारखंड से विदा लेगा। इस वजह से पूरे राज्य में पोस्ट मानसून की बारिश भी होगी। इससे दुर्गा पूजा व रावण दहन की रौनक फीकी पड़ सकती है।