जेल से प्रिंस के पैगाम पर विक्की और औरंगजेब ने रंजीत हत्याकांड को दिया था अंजाम
पुलिस ने चार्जशीट में प्रिंस खान के कबूलनामे को आधार बनाया है। प्रिंस ने स्वीकारोक्ति बयान में हत्या की साजिश की बात कबूली है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड विकास युवा मोर्चा के धनबाद जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह की हत्याकी योजना धनबाद मंडल कारा में बनी थी। यह योजना गैंग्स ऑफ वासेपुर के प्रिंस खान ने बनाई थी। जेल से प्रिंस के पैगाम पर उसके शागिर्द शमशाद अख्तर उर्फ विक्की और औरंगजेब ने रंजीत की गोलीमार हत्या की थी।पुलिस ने यह खुलासा न्यायालय में साैंपे गए आरोपपत्र में किया है। इस आरोप पत्र के आधार पर रंजीत हत्याकांड में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ संज्ञान लिया है।
21 अगस्त 2018 को हुई थी रंजीत की हत्याः झाविमो नेता रंजीत सिंह की 21 अगस्त 2018 को हत्या हुई थी। केंदुआडीह पुलिस ने इस मामले में प्रिंस खान, गोपी खान, रितिक खान, शमशाद अख्तर, औरंगजेब, साजिद खान, शकील खान, पंकज कुमार यादव, नीरज यादव और वरुण विश्वकर्मा के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। सोनू उर्फ बैलून के खिलाफ अनुसंधान जारी है। आरोप पत्र में तीन लाख की सुपारी पर रंजीत की हत्या कराए जाने की बात कही गई है।
हत्याकांड में प्रिसं का कबूलनामाः पुलिस ने चार्जशीट में प्रिंस खान के कबूलनामे को आधार बनाया है। प्रिंस ने स्वीकारोक्ति बयान में हत्या की साजिश की बात कबूली है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि बीकेबी कंपनी का कुसुंडा में कोयले का काम हो रहा था, जिससे रंगदारी के लिए उसने रंजीत सिंह से काफी संपर्क किया। लेकिन वह रंगदारी देने के लिए तैयार नहीं हुआ, उसे उसका सौतेला मामा शेर खान बरगलाता था। रंगदारी नहीं मिलने के कारण वह काफी गुस्से में था और रंजीत सिंह को मारने के लिए प्लान बनाया। उस समय वह जेल से बाहर था। अगस्त माह में वह बैंक मोड़ थाना के एक केस में सरेंडर कर जेल गया। जहां पर वह अपने भाई गोपी खान और उसका साला ऋतिक से मिलकर रंजीत सिंह की हत्या करने की योजना बनाई। .