विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार बिजनेस कनेक्ट में कारोबारी ने किया निवेश का एलान, लौटते ही मिला बदमाश प्रिंस खान का WhatsApp संदेश

Published: Sat, 29 Aug 2026 06:54 AM (GMT+05:30)

Dhanbad News: गैंग्स्टर प्रिंस खान ने कारोबारी महेंद्र शर्मा के बिजनेस पार्टनर से 5 करोड़ रुपये और मासिक 20 लाख ...और पढ़ें

निरसा स्थित अंकुर बायोकेम और इनसेट में बदमाश प्रिंस खान। (फाइल फोटो)

निरसा स्थित अंकुर बायोकेम और इनसेट में बदमाश प्रिंस खान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. प्रिंस खान ने महेंद्र शर्मा से 5 करोड़ की रंगदारी मांगी।

  2. मांग उनके बिजनेस पार्टनर के व्हाट्सएप पर भेजी गई।

  3. 6000 करोड़ के बिहार निवेश के बाद धमकी मिली।

संवाद सहयोगी, निरसा(धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के निरसा के डूभी स्थित अंकुर बायोकेम के मालिक महेंद्र शर्मा से रंगदारी मांगने के मामले में नई जानकारी सामने आई है। सीधे कारोबारी से संपर्क नहीं हो पाने पर कुख्यात गैंग्स्टर प्रिंस खान ने उनके बिजनेस पार्टनर एस. साहू के वाट्सएप पर संदेश भेजकर एकमुश्त पांच करोड़ रुपये और हर माह 20 लाख रुपये सहयोग राशि की मांग की है। 

शर्मा ने मामले की शिकायत वरीय पुलिस पदाधिकारियों से की है। पुलिस स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। इस बार गैंग ने रंगदारी मांगने के अपने पुराने अंदाज से हटकर प्रोटेक्शन मनी और सहयोग का रास्ता अपनाया है।

पूर्व में प्रिंस खान और उसके सहयोगी मेजर द्वारा वाट्सएप कालिंग के जरिए महेंद्र शर्मा से संपर्क किया गया था। लगातार धमकियों के बाद शर्मा ने अपना निजी मोबाइल नंबर बदल दिया था। नया नंबर नहीं मिलने पर कथित तौर पर उनके बिजनेस पार्टनर को संदेश भेजा गया।

मामले में छह हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का एंगल भी सामने आया है। छह अगस्त को पटना में आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अंकुर स्टील के नाम से बिहार में करीब छह हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी।

प्रस्तावित परियोजना के तहत स्टील प्लांट और बायो-केमिकल से जुड़ी इकाइयां स्थापित किए जाने की बात कही गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बड़े निवेश की सार्वजनिक घोषणा के बाद कारोबारी की आर्थिक क्षमता को देखते हुए गैंग की नजर दोबारा उन पर पड़ी हो सकती है। जांच एजेंसियां इस पहलू को भी ध्यान में रखकर पूरे घटनाक्रम को खंगाल रही हैं।

धमकी के बजाय ‘सहयोग’ का संदेश

बिजनेस पार्टनर को भेजे गए कथित संदेश में धनबाद में कारोबार करने में परेशानी नहीं होने देने की बात कही गई है। साथ ही गैंग चलाने और जेल में बंद सदस्यों की देखभाल व कानूनी खर्च का हवाला देकर सहयोग करने की अपील की गई है। संदेश में कारोबारी के बड़े कारोबार का उल्लेख करते हुए रकम देने की मांग की गई है।

पुरानी धमकी से जुड़ रही कड़ियां

दिसंबर 2025 में भी प्रिंस खान के नाम से आडियो जारी कर महेंद्र शर्मा से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की बात सामने आई थी। दो दिन बाद एक अन्य आडियो में धमकी वापस लेने और साइको नामक व्यक्ति द्वारा उसके नाम पर धमकी देने का दावा किया गया था।

मौजूदा मामले में भी पांच करोड़ रुपये की मांग सामने आने से पुलिस पुराने घटनाक्रम से इसकी कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है।

सुरक्षा घेरे में कारोबारी

लगातार धमकियों के बाद महेंद्र शर्मा की सुरक्षा बढ़ाई गई है। जिला प्रशासन की ओर से सरकारी अंगरक्षक उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि निजी हथियारबंद सुरक्षा कर्मी भी साथ रहते हैं।

यह भी पढ़ें- प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी! NIA ने धनबाद पहुंचकर खंगाला अपराध और विदेशी कनेक्शन

डूभी स्थित अंकुर बायोकेम परिसर में प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच और वाहनों की निगरानी की व्यवस्था है। पुलिस फिलहाल वाट्सएप नंबर और संदेश की तकनीकी जांच कर रही है।


महेंद्र शर्मा से रंगदारी मांगने की शिकायत निरसा क्षेत्र के किसी थाने में नहीं की गई है। शर्मा ने रांची में वरीय पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष शिकायत की है। मामले की जांच के लिए निरसा पुलिस की कोई टीम नहीं आई है।

-

लीलेश्वर महतो, एसडीपीओ, निरसा