विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाज कराने आई बाइक सवार गर्भवती महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत, विरोध में गोविंदपुर में जीटी रोड जाम

Published: Tue, 08 Sep 2026 10:57 AM (IST)

Dhanbad Road Accident: गोविंदपुर के अमरपुर में एक सड़क हादसे में गर्भवती कुलसुम आरा की मौत हो गई, जब एक ...और पढ़ें

गोविंदपुर में जीटी रोड पर सड़क हादसे में महिला की माैत। (प्रतीकात्मक फोटो)

गोविंदपुर में जीटी रोड पर सड़क हादसे में महिला की माैत। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. अमरपुर में ट्रक की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत।

  2. हादसे के बाद मुआवजे की मांग पर जीटी रोड जाम।

  3. अधिकारियों के आश्वासन पर जाम हटा, सहायता की घोषणा।

संवाद सूत्र, गोविंदपुर (धनबाद)। गोविंदपुर के अमरपुर के समीप सोमवार शाम जीटी रोड के दिल्ली लेन पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय कुलसुम आरा की मौत हो गई। हादसे में उसका पति फिरोज अंसारी और दोनों बच्चे फरहान अंसारी व चाहत खातून बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद आक्रोशित स्वजन व स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर छह किलोमीटर से अधिक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बताया गया कि कुलसुम आरा गर्भवती थी और इलाज के सिलसिले में गोविंदपुर आई थी। सोमवार शाम डा. अंजना से इलाज कराने के बाद वह पति व दोनों बच्चों के साथ बाइक से मोहनाद महाराजगंज स्थित अपने घर लौट रही थी। अमरपुर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर से बाइक अनियंत्रित हो गई और कुलसुम सड़क पर गिर गई। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एलिवेटेड निर्माण कंपनी से मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड को जाम कर दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटी हुई है। 

अधिकारियों ने दी मदद की घोषणा

जाम की सूचना पर अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी व झामुमो नेता एजाज अहमद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों व दोनों नेताओं ने व्यक्तिगत रूप से 10-10 हजार रुपये, कुल 40 हजार रुपये की सहायता का आश्वासन दिया।

सीओ ने अंबेडकर आवास समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भी भरोसा दिया। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटा लिया। भीषण गर्मी में जाम में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।