Jesus call society: सत्ता की छांव में प्रार्थना महोत्सव शुरू, पॉल दिनाकरण ने की सीएम हेमंत के लंबे कार्यकाल की कामना
चेन्नई से आए मसीही प्रवचनकर्ता पॉल दिनाकरन ने अपने संबोधन में हेमंत सोरेन की जमकर तारीफ की। कहा कि संस्था के इस प्रकार के कार्यक्रम में हमेशा से हेमंत सोरेन का साथ मिलता रहा है।
बोकारो, जेएनएन। झारखंड में भाजपा सरकार जाने और झामुमो गठबंधन की सरकार बनने के बाद जीसस कॉल्स सोसाइटी ने सूबे में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जीसस काल्स सोसाइटी की ओर से बोकारो में शुक्रवार को तीन दिवसीय प्रार्थना महोत्सव शुरू किया गया। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।
प्रार्थना महोत्सव में सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजनीति को दरकिनार कर सिर्फ धार्मिक बातें की। लोगों से प्रभु यीशु का संदेश को सुन उन्हें अपने जीवन में उतारने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे से सबकुछ मिल सकता है। बस शांति नहीं मिल सकती। शांति चाहिए तो प्रभु की शरण में जाना होगा।
दैनिक जीवन में थोड़ा वक्त ईश्वर को याद करने के लिए निकालें। बोकारो में कार्यक्रम के आयोजन के लिए मसीही प्रवचनकर्ता डॉ. पॉल दिनाकरन की प्रशंसा की। हमेशा से डॉ. पॉल दिनाकरन अच्छे काम करते रहे हैं। कहा कि बोकारो उनके लिए नया नहीं है। यहां पले-बढ़े व पढ़े हैं, आज नई जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रभु ऐसी शक्ति दे कि जनता के सपनों का झारखंड बना सकें। राज्य को समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित कर सकें। जो लोग यहां आए हैं उन्हें तीन दिनों के कार्यक्रम में यह पता चलेगा कि यदि वे नहीं आते तो क्या खोते। विधायक स्टीफन मरांडी, जगरनाथ महतो, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. डीएन प्रसाद, सोलमन जॉन, सुकेश, इवीपी चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु थे।
डॉ. पॉल दिनाकरन ने की सीएम के लंबे कार्यकाल की प्रार्थना
चेन्नई से आए मसीही प्रवचनकर्ता डॉ. पॉल दिनाकरन ने अपने संबोधन में हेमंत सोरेन की जमकर तारीफ की। कहा कि संस्था के इस प्रकार के कार्यक्रम में हमेशा से हेमंत सोरेन का साथ मिलता रहा है। चाहे वह जमशेदपुर, रांची या दुमका की प्रार्थना सभा हो या बोकारो की सभा। दूसरे लोग कहते हैं कि वे जनता के लिए हैं। पर, हेमंत सोरेन तो जनता के बीच रहते हैं। प्रभु यीशु से हमारी प्रार्थना है कि उनका कार्यालय लंबा, शानदार हो। उनके शासन में राज्य समृद्ध बने, उनके मंत्री अच्छा काम करें। युवाओं की आशा के अनुरूप सरकार काम करे। अधिक से अधिक रोजगार का सृजन हो। राज्य संचालन में धन की कोई कमी नहीं हो। हमारे समाज व आम लोगों के साथ प्रभु यीशु का आशीर्वाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ है। जहां भी प्रभु की प्रार्थना सभा होती है वहां झारखंड के लोग जरूर जाते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से नई सरकार व हेमंत सोरेन के लिए प्रार्थना करने की अपील की।