Coal India: आइएएस अधिकारी प्रमोद अग्रवाल होंगे नए चेयरमैन, 30 जून 2020 तक होगा कार्यकाल
रमोद ने झारखंड के रामगढ़ से शिक्षा ग्रहण की है। उनके पिता रामगढ़ के व्यवसायी हैं। रामगढ़ के साथ उनका रांची में भी कारोबार है।
धनबाद, जेएनएन। कोल इंडिया के अगले चेयरमैन 1991 बैच के आइएएस अधिकारी प्रमोद अग्रवाल होंगे। अप्वाइंटमेंट कैबिनेट कमेटी (एसीसी) ने उनके नाम मुहर लगा दी है। भारत सरकार के अवर सचिव अमित श्रीवास्तव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
अग्रवाल 30 जून 2020 तक कोल इंडिया के चेयरमैन बने रहेंगे। मौजूदा कोल इंडिया चेयरमैन एके झा 31 जनवरी को सेवानिवृत हो रहे हैं। बतौर 28वें चेयरमैन प्रमोद एक फरवरी को पदभार संभालेंगे। प्रमोद अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के आइएएस अफसर हैं। सार्वजनिक उद्योग चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने साक्षात्कार में उनका चयन किया था। प्रमोद ने झारखंड के रामगढ़ से शिक्षा ग्रहण की है। उनके पिता रामगढ़ के व्यवसायी हैं। रामगढ़ के साथ उनका रांची में भी कारोबार है।
कोल इंडिया के 28 वें चेयरमैन होंगे : कोल इंडिया के पहले चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल केएस ग्रेवाल थे। वे 17 सितंबर 1975 से 17 सितंबर 1978 तक चेयरमैन रहे। आइएएस अफसर एस नरसिंह राव 24 अप्रैल 2012 से 25 जून 2014 तक चेयरमैन रहे। एक अन्य आइएएस अफसर सुतीर्थ भट्टाचार्य 5 जनवरी 2015 को चेयरमैन बने और 31 अगस्त 2017 को सेवानिवृत्त हुए थे। प्रमोद अग्रवाल कोल इंडिया के 28वें चेयरमैन होंगे।