Weather Update : बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ जमकर हुई बरिश; बोकारो में गिरे ओले
धनबाद और आसपास के जिलों में मंगलवार की शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। बदले मौसम को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
धनबाद, जेएनएन। कोयलांचल व आसपास के इलाकों में मंगलवार की शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। इसके कारण पिछले करीब 10 दिनों से बसंत का लुत्फ उठा रहे शहरवासी एक बार फिर स्वेटर-जैकेट में आ गये। वहीं, बोकारो में बारिश के बीच आले भी गिरें। शाम को हुई भारी बारिश के बीच जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। बदले मौसम को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
कोयलांचल में मंगलवार की सुबह से ही मौसम बदला-बदला सा था। सुबह हल्की धूप खिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धनबाद का मौसम एकाएक बदल गया। धूप-छाव के खेल के बीच सर्द हवाओं ने दस्तक दे दी, जिससे ठंड महसूस होने लगी। मौसम विज्ञानियों के अनुमान के मुताबिक, धनबाद जिले से सटे गिरिडीह, देवघर और आसपास के जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिरें।
इधर, धनबाद में बुधवार को भी बारिश की उम्मीद है। इससे शहर के तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री व अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
27 से हिमालय में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ : मौसम में आयी तब्दीली की वजह पश्चिमी विक्षोभ है। हिमालय की ओर से आनेवाली बर्फीली हवाओं के साथ अरब सागर की ओर से आ रहे बादलों के मिलने से हवा में नमी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने 27 फरवरी से एक बार फिर हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढऩे की संभावना जतायी है।