Lok Sabha Election 2019: पति कीर्ति के प्रचार में कूदी पूनम आजाद, जनता से खोइछा में मांग रहीं वोट
पूनम ने कहा कि मायके ने कीर्ति जी का पूरा मान रखा। तीन बार दरभंगा से सांसद बनाकर संसद भेजा। अब ससुराल उसी आशा से आई हूं। ससुराल में खोइछा लेने पहुंची हूं।
धनबाद, जेएनएन। कांग्रेस से धनबाद लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार कीर्ति झा आजाद के पक्ष में चुनाव प्रचार करने उनकी पत्नी, पुत्र व पुत्रवधू यहां पहुंच गए हैं। इस सिलसिले में कीर्ति आजाद की पत्नी सह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य पूनम आजाद, पुत्रवधू स्वास्तिका और पुत्र सौम्य वर्धन आजाद प्रेस से मुखातिब हुए।
प्रेसवार्ता में पूनम आजाद ने कहा कि धनबाद की धरती को नमन करती हूं। आज मुझे ससुराल आने का मौका मिला है। दरभंगा मेरा मायका और गोड्डा ससुराल है। इस मायने में धनबाद भी ससुराल है।
पूनम ने कहा कि मायके ने कीर्ति जी का पूरा मान रखा। तीन बार दरभंगा से सांसद बनाकर संसद भेजा। अब ससुराल उसी आशा से आई हूं। ससुराल में खोइछा लेने पहुंची हूं। अपने पति के लिए घर-घर हाथ जोड़कर आशीर्वाद मांगूंगी। पूनम आजाद ने कहा कि उनके पति ने दरभंगा को एयरपोर्ट, एम्स सहित काफी कुछ दिलाया। धनबाद की धरती मौका देती है तो काफी काम करके दिखाएंगे। यहां अपराधी बेलगाम हैं। मंगलवार को एक महिला का पर्स छीन लिया गया है। धनबाद को बिजली-पानी की समस्या से निजात दिलाना इनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है। वहीं कोलकाता से ताल्लुक रखने वाली कीर्ति की पुत्रवधू स्वास्तिका ने बांग्ला में अपने ससुर के लिए वोट मांगी।
मेरा रिकार्ड बेदाग : प्रेसवार्ता में कीर्ति आजाद ने कहा कि सांसद के तौर पर उनका रिकॉर्ड बेदाग रहा है। सांसद के तौर पर उनकी ए प्लस रेटिंग रही है, जबकि पीएन सिंह की सी प्लस रेटिंग है। उनके खिलाफ कोई आपराधिक केस नहीं है। जनता के लिए आवाज उठाने और आचार संहिता से संबंधित मामले हैं। आचार संहिता से जुड़े अधिकतर मामले खत्म हो चुके हैं।