जवानों के लिए सेवा सर्वोपरि है, जान नहीं
धनबाद : पुलिस संस्मरण दिवस पर रविवार को धनबाद पुलिस लाइन में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चो
धनबाद : पुलिस संस्मरण दिवस पर रविवार को धनबाद पुलिस लाइन में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चोथे के नेतृत्व में देश के नौ शहीद पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस दौरान दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों की आत्म शांति की प्रार्थना की गई। समारोह में धनबाद के तीन शहीद पुलिस कर्मियों के आश्रितों को शॉल भेंट कर एसएसपी चोथे ने सम्मानित किया।
एसएसपी चोथे ने बताया कि इस साल देश में 414 और राज्य में सात पुलिस कर्मी शहीद हुए हैं। पुलिस संस्मरण दिवस देशभर के उन पुलिस पदाधिकारियों की याद में मनाया जाता है, जो अपने कर्तव्य का पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हैं। जिन्होंने देश सेवा के लिए अपने प्राणों की आहूति दे दी। देश की आजादी के बाद से अब तक 35 हजार से अधिक सेन्ट्रल पुलिस फोर्स तथा स्टेट पुलिस के पदाधिकारी शहीद हुए हैं। पुलिस राष्ट्र की सेवा और विकास में अपना अहम योगदान देती है। पुलिस कर्मी अपने कर्तव्य का पालन करने में कभी पीछे नहीं हटते। इस दौरान शहीदों की याद में परेड का आयोजन किया गया और देश के इन वीर सपूतों को सलामी दी गई। मौके पर धनबाद पुलिस फोर्स के तमाम पदाधिकारी और जवान मौजूद थे।
--------------
रेल एसपी कार्यालय में भी दी गई सलामी : रेल जिला धनबाद के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शहीद संस्मरण दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रभारी एसपी सह ग्रामीण एसपी धनबाद आशुतोष शेखर समेत जीआरपी जवानों ने शहीद पुलिस कर्मियों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।