SBI Jharia: एसबीआई बाजार शाखा से चोरी के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, मास्क के कारण नहीं हुई पहचान
झरिया थाना क्षेत्र के एसबीआई बाजार शाखा में बुधवार की दोपहर हुई चोरी का अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नही लगा है। हालांकि घटना के एक दिन बाद गुरुवार को रोजाना की तरह बैंक परिसर में लोगों का आना जाना लगा रहा।
झरिया, जेएनएन। झरिया थाना क्षेत्र के एसबीआई बाजार शाखा में बुधवार की दोपहर हुई चोरी के मामले में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नही लगा है। हालांकि, घटना के एक दिन बाद गुरुवार को भी रोजाना की तरह बैंक परिसर में लोगों का आना-जाना लगा रहा। घटना के बाद से ही झरिया पुलिस कई इलाकों में छापामारी कर रही है। छापामारी के दौरान पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। झरिया पुलिस ने दिनेश कुमार, छोटका सहित अन्य युवकों से पूछताछ की है। फिलहाल अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
बैंक प्रबंधक ने बताया कि रोजाना की तरह बैंक में काम चल रहा है। परिसर में किसी प्रकार की लापरवाही ना हो इसपर ध्यान दिया जा रहा है। मौजूद कर्मचारी की माने तो मास्क की वजह से चोरों को पहचाने में पुलिस व बैंक कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। बैंक कर्मचारी जितेंद्र कुमार से भी झरिया थाने में पूछताछ की जा रही है। जितेंद्र ने बताया कि एक चूक से यह घटना घटी है। वहीं, लोगों की माने तो बैंक परिसर में सूदखरों का आना जाना लगा रहता है। घटना के बाद से सभी सूदखोर गायब हो गए हैं।
मालूम हो कि बुधवार की दोपहर लगभग 2:30 में कोयरीबांध निवासी संजय हरिजन अपने पिता रामलाल हरिजन के खाता से तीन लाख 50 हजार रुपए निकाल कर अपने करंट खाते में जमा करने को लाइन में लगे थे। काउंटर पर भीड़ होने के कारण संजय ने बैंक कर्मचारी जितेंद्र कुमार को पैसा दे दिया। जितेंद्र ने पैसा लेकर अपने पास रख लिया। इसी दौरान उक्त कर्मचारी किसी काम से शाखा प्रबंधक के पास चला गया। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी आसानी से काउंटर से पैसा निकालकर चलते बने।
बैंक के प्रबंधक ब्रजेश पति सहाय ने बताया कि जो घटना में घटी है वह घटना कैश काउंटर में नहीं हुआ है। जितेंद्र कुमार किस आधार पर पैसा लिया यह उनकी जवाबदेही है। पैसा का लेनदेन किस आधार पर किया जा रहा था। कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरा का फुटेज झरिया पुलिस को दे दिया गया है। फुटेज में तस्वीर देख कर चोर की तलाश की जा रही है। जितेंद्र कुमार को पैसा जमा करने के लिए नहीं लेना चाहिए था। जांच के बाद ही भुक्तभोगी को राशि का भुगतान किया जाएगा।
बैंक कर्मचारी जितेंद्र कुमार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। छापामारी जारी है। चोर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगे।
-प्रमोद कुमार सिंह, झरिया थाना प्रभारी।