फुसरो नगर परिषद: जागिए अध्यक्ष जी!!! हटाइए शौचालय पर से ताला...नालियों में अब नहीं जाने दीजिए पॉलीथिन का निवाला
नगर परिषद फुसरो में जगह-जगह कचरों का अंबार लगा हुआ है। नालियां जाम पड़ी हुई है। यहां की सफाई तो अब भगवान भरोसे ही रह गई है। आए दिन कभी सफाईकर्मियों का हड़ताल तो कभी संसाधनों की कमी का रोना अभी तक जारी है।
जागरण संवाददाता, बेरमो : नगर परिषद फुसरो में जगह-जगह कचरों का अंबार लगा हुआ है। नालियां जाम पड़ी हुई है। यहां की सफाई तो अब भगवान भरोसे ही रह गई है। आए दिन कभी सफाईकर्मियों का हड़ताल तो कभी संसाधनों की कमी का रोना अभी तक जारी है। इन सबका खामियाजा यहां की जनता को उठाना पड़ता है। शहर में शौचालय बना। लगा स्वच्छता अभियान को बल मिलेगा। खुले में शौच से मुक्ति। पर ये क्या? फुसरो शहर के शौचालयों के बाहर तो बड़ा ताला लटका दिया गया है। ताला मानों नो इंट्री का सिग्नल दे रहा हो।
यहां तक की उपाध्यक्ष के वार्ड में भी एकदम शानदार शौचालय बना है। किसी के यूज करने के लिए नहीं। दिखाने के लिए कि देखिए दर्शन कीजिए। मकोली इलाके में कई ट्रक ड्राइवरों का जमावड़ा लगता है। शौचालय में ताला बंद होने के कारण गंदगी फैल रही है। हल्का होने के लिए खुले में जो जाना पड़ रहा है। पूरा नप ही ओडिएफ कब का घोषित हो चुका है। सच्चाई यहां की कुछ और ही बंया करती है। बहुत दिन हो गया अब तो ताला खुलवा दीजिए।
ऐसा नहीं कि यह केवल उपाध्यक्ष के वार्ड का हाल है। ये ताले आपको नप के लगभग वार्ड में देखने को मिल जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से पहली जुलाई से ही पूरे झारखंड में पाॅलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके बावजूद बेरमो कोयलांचल के फुसरो शहर में सरकार के निर्देश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नगर परिषद सोया हुआ है। नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की नींद अभी तक खुली नहीं है। खुलेआम पालीथिन का उपयोग किया जा रहा है। पूरे बेरमो कोयलांचल सहित फुसरो शहर की अधिकतर दुकानों व सब्जी मंडियों में पालीथिन के थैले में सामान ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। वहीं, ग्राहक भी बेखौफ होकर अपने हाथों में पालीथिन के थैले टांगे घूम रहे हैं। पालीथिन के अंधाधुंध उपयोग के चलते पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
कचरे में फेंके गए पालीथिन से पशुओं की जान भी जा रही है। जागरूकता एवं प्रशासन की कड़ाई के अभाव में पालीथिन का उपयोग यहां बंद नहीं हो पा रहा है। दुकानों में धड़ल्ले से पालीथिन में ही सामग्री बेची जा रही है। इसके बावजूद फुसरो बाजार में नगर परिषद की ओर से पालीथिन की बिक्री और उसका उपयोग करने पर रोक लगाने की दिशा में अबतक कोई पहल नहीं की गई है।
वर्जन
सरकार के निर्देश का हर हाल में पालन कराकर फुसरो शहर को भी पालिथीन से मुक्त किया जाएगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही लोगों को पालिथीन का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी जाएगी। इसके बावजूद यदि दुकानदार व लोग नहीं मानेंगे तो छापेमारी अभियान चलाकर जुर्माना वसूल किया जाएगा।
- राकेश कुमार सिंह, चेयरमैन, नगर परिषद फुसरो