दो साल लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद प्रेमी ने दिया धोखा, थाने पहुंची महिला
मुनीडीह निवासी एक महिला ने बोकारो के रहने वाले संदीप मंडल पर लिव-इन-रिलेशनशिप में रहकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला मुंबई में रहती है और फिल्मों में अभिनय करती है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। मुनीडीह निवासी एक महिला ने बोकारो के रहने वाले संदीप मंडल पर लिव-इन-रिलेशनशिप में रहकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। उक्त महिला ने कहा कि संदीप मंडल उसके साथ पिछले दो वर्षों से रिलेशनशिप में था, लेकिन जब उसने शादी की बात कही तो उसने साथ रहने से इनकार कर दिया। महिला ने बताया कि उसका प्रेमी शादीशुदा है। पीड़िता ने धनबाद महिला थाने में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, वह मुंबई में रहती है और फिल्मों में अभिनय करती है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 4 वर्ष पहले बरवड्डा में हुई थी, लेकिन कुछ दिनों के बाद गंभीर बीमारी के कारण पति की मौत हो गई । इसके बाद संदीप मंडल पीड़िता के संपर्क में आया। वह पीड़िता की मदद करने के बहाने उसके नजदीक आया और साथ रहने की बात कही। उसके झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ रहने लगी। 2 वर्षों तक साथ रहने के बाद अब संदीप मंडल पीड़िता को अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।