Ayodhya Verdict सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कोयलांचल में सुरक्षा कड़ी, मुख्य चौराहों व बाजारों में चहल-पहल Dhanbad News
Ayodhya Verdict अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद धनबाद में चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। वहीं शहर के बाजारों व चौराहों पर आम दिनों की तरह चहल-पहल है।
धनबाद, जेएनएन। Ayodhya Verdict अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद धनबाद जिले में चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। शहर में चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, अयोध्या मामले पर फैसले के बाद धनबाद का माहौल सामान्य है। शहर के मुख्य चौराहों व बाजारों में चहल-पहल आम दिनों की तरह है।
हालांकि, माहौल को नियंत्रित रखने के लिए सुरक्षा बल सीमावर्ती इलाके में फ्लैग मार्च कर रहे हैं। शासन-प्रशासन का पूरा अमला विधि-व्यवस्था को बनाए रखने में जुटा है। वहीं, सभी धार्मिक स्थलों की खास निगरानी की जा रहा है। शुक्रवार देर रात जब साफ हुआ कि शनिवार को 10:30 बजे अयोध्या पर फैसला आएगा, तब से पुलिस सतर्क है। पुलिस ने शहर के कई इलाकों में शुक्रवार देर रात व शनिवार की सुबह फ्लैग मार्च किया।
धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार ने शुक्रवार देर रात कहा कि अयोध्या मामले पर शनिवार को सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आएगा। जनता को न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना चाहिए। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षा को लेकर जिला भर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए 17 संभावित ठिकानों पर दंडाधिकारी के साथ रात से ही भारी मात्र में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। जो चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए रखेंगे। साथ ही साइबर थाने की पुलिस सोशल मीडिया पर विशेष नजर रख रही है।