लग गया सख्त Lockdown और फेल हुआ एक मिनट में E-Pass बनाने का हेमंत सरकार का दावा, बाबूलाल ने उठाया सवाल
Jharkhand E-Pass system आम से लेकर खास तक के लोगों के लिए ई-पास की अनिवार्यता ने सभी को सकते में डाल दिया है। रविवार की सुबह से ही पास की खोज बिन शुरू हो गई। समस्या यह है कि पास कैसे बनवाएं सर्वर ही डाउन हो गया है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड में 16 मई से सख्त लॉकडाउन लागू हो गया है। झारखंड की हेमंत सरकार ने दावा किया था कि लॉकडाउन पास एक मिनट में निर्गत होगा। लेकिन पहले ही दिन परिवहन विभाग का ई-पास निर्गत करने का सिस्टम फेल कर गया है। वेबसाइट खुलते ही क्रैश हो जाता है। नतीजतन, ई-पास निर्गत नहीं हो रहा है। इससे एक तरफ झारखंंड सरकार की किरकिरी हो रही है तो दूसरी तरफ जनता भी परेशान-हलकान है। आवश्यक कार्य के लिए भी लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। निकलने पर अलग तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाहक में पुलिस से सामना हो रहा है। इस मुद्दे पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर सवाल उठाया है।
ई पास व्यवस्था के पहले दिन ही दूर दराज से भी विसंगतियों की शिकायत आ रही है।एक तो पास जारी होने वाला वेबसाईट/एप बेकार साबित हो रहा तो दूसरी ओर रोज़मर्रा के कामगार परेशान हैं।जिस ज़िले की जैसी मर्ज़ी वैसा ही क़ानून चला रहा है।अधिकारी निरंकुश हो गये हैं और उनपर कोई नियंत्रण नहीं?
— Babulal Marandi (@yourBabulal) May 16, 2021
सुबह से सर्वर डाउन
आम से लेकर खास तक के लोगों के लिए ई-पास की अनिवार्यता ने सभी को सकते में डाल दिया है। रविवार की सुबह से ही पास की खोज बिन शुरू हो गई। समस्या यह है कि पास कैसे बनवाएं सर्वर ही डाउन हो गया है। बाजार जाना है। सब्जी, राशन और कुछ जरूरी दवाईयां लेना है जाना जरूरी है। आमलोगों के लिए पास की क्या आवश्यकता है। ऐसे कई सवाल लोगों के जहन में घूम रहे हैं। जयप्रकाश नगर से कुछ लोग आम दिनों की तरह सब्जी और राशन का समान लेने निकले जैसे ही सिटी सेंटर पहुंचे वहां खड़े पुलिस ने लोगों को रोकना शुरू कर दिया। कहां जा रहे है तभी एक व्यक्ति ने कहा सब्जी लेने जा रहे हैं। पुलिस ने कहा पास है तो उस व्यक्ति ने कहा नहीं सब्जी के लिए पास की क्या जरूरत है। पुलिस और लोगों की बहसाबहसी शुरू हो गई और लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी। यह समस्या केवल सिटी सेंटर की नहीं है बल्कि शहर के कई इलाकों में लोगों को ऐसी परेशानी हो रही है।
ई-पास निर्गत करने का पोर्टल
झारखंड सरकार ने ई-पास अनिवार्य करने के साथ ही निर्गत करने के लिए epassjharkhand.nic.in पोर्टल बनाया है। सर्वर में अचानक लोड बढ़ जाने के कारण सर्वर ही डाउन हो गया है। ई-पास बन नहीं रहा है। हालांकि परिवनगन विभाग की माने तो अभी तक पूरे राज्य में ढ़ाई लाख पास निर्गत हो चुका है।