DMC: साढ़े सात फीसद छूट के लिए लोग भूल गए शारीरिक दूरी का पालन, लिंक फेल होने पर हंगामा
वित्तीय वर्ष 2019-20 के बकाएदार 31 मई तक बिना किसी विलंब शुल्क होल्डिंग और वाटर यूजर चार्ज कार्यालय में या ऑनलाइन तरीके से जमा कर सकेंगे। हालांकि इन्हें छूट का लाभ नहीं मिलेगा।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद नगर निगम (DMC) ने होल्डिंग और वाटर यूजर चार्ज वसूलना शुरू कर दिया है। वित्तीय वर्ष 2020-21 का एडवांस होल्डिंग कार्यालय में जमा करने पर साढ़े सात फीसद की छूट दी जा रही है। बस फिर क्या था, छूट पाने की चाहत में लोग शारीरिक दूरी की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। निगम की ओर से समुचित व्यवस्था न हो पाने की वजह से अराजकता और बढ़ती जा रही है।
धनबाद नगर निगम परिसर ने छह काउंटर भी खोल दिए हैं, लेकिन भीड़ संभालना मुश्किल हो रहा है। टैक्स में छूट की लालसा और लगभग तीन माह के बकाया होल्डिंग एवं वाटर चार्ज जमा करने की जद्दोजहद की वजह से अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। निगम कर्मी भी व्यवस्था दुरुस्त कराने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। हर दूसरे दिन यहां हंगामा हो रहा है। शनिवार को लिंक फेल ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। काफी देर तक सभी हंगामा करते रहे। व्यवस्था को कोसते नजर आए। इस बीच शारीरिक दूरी की भी खूब धज्जियां उड़ी। लग ही नहीं रहा था कि लॉकडाउन नाम की भी कोई चीज है। हर कोई हड़बड़ी में दिखा, टैक्स जमा करने की जल्दीबाजी में अपनी जान की परवाह किए बिना लाइन में एक दूसरे से चिपके खड़े मिले। काफी देर तक यही स्थिति बनी रही। हंगामा बढ़ता देख निगम के कई पदाधिकारी अपने-अपने चैंबर से बाहर आए और स्थिति संभालने का प्रयास किया।
ऑफलाइन साढ़े सात तो ऑनलाइन 10 फीसद छूट
नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स और वाटर यूजर चार्ज का कलेक्शन करने के लिए नियमों में ढील देते हुए उपभोक्ताओं को राहत दी है। वित्तीय वर्ष 2020-21 का होल्डिंग जमा करने वालों को साढ़े सात से 10 फीसद की छूट दी जा रही है। नगर निगम कार्यालय में काउंटर पर चेक या ई पॉस मशीन से भुगतान करने पर साढ़े सात फीसद और घर बैठे ऑनलाइन भुगतान करने पर कुल होल्डिंग बकाया में 10 फीसद की छूट दी जा रही है। उपभोक्ताओं को यह सुविधा 30 जून तक मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2019-20 के बकाएदार 31 मई तक बिना किसी विलंब शुल्क होल्डिंग और वाटर यूजर चार्ज कार्यालय में या ऑनलाइन तरीके से जमा कर सकेंगे। हालांकि इन्हें छूट का लाभ नहीं मिलेगा।