सभी की एकजुटता से ही समस्याओं का समाधान होगा
गोविदपुर झारखंड राज्य पेंशनर समाज धनबाद जिला शाखा का आठवां वार्षिक सम्मेलन खुदिया नदी स्थित बागान में बुधवार को हुआ।
गोविदपुर : झारखंड राज्य पेंशनर समाज धनबाद जिला शाखा का आठवां वार्षिक सम्मेलन खुदिया नदी स्थित बागान में बुधवार को हुआ। इसमें जिला की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आश्रिता कुजूर ने कहा कि विभिन्न विभागों के पेंशनरों में काफी विसंगति है। अवकाश प्राप्त कर्मियों को प्रमोशन नहीं दिया जा रहा है। सभी की एकजुटता से ही समस्याओं का समाधान होगा। पेंशनरों को एक अप्रैल 2016 के प्रभाव से चिकित्सा भत्ता देना होगा। प्रदेश के कार्यकारी महासचिव महेश कुमार सिंह ने धनबाद जिला एवं गोविदपुर प्रखंड के पेंशनरों की एकजुटता की सराहना की। राज्यव्यापी आंदोलन चलाने की बात कही। राज्य संयुक्त सचिव डी. विश्वकर्मा एवं राज्य कोषाध्यक्ष चंद्रकांत सिंह ने भी अपने विचार रखे। अध्यक्षता धनबाद जिलाध्यक्ष नवल किशोर प्रसाद सिंह, संचालन एसएन लाल त्यागी, स्वागत भाषण प्रखंड अध्यक्ष केडीएन आजाद एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. यूएल विश्वकर्मा ने किया। प्रखंड स्तरीय सचिवीय प्रतिवेदन मथुरा प्रसाद दत्ता एवं आय व्यय का विवरण कोषाध्यक्ष दीपक कुमार दत्ता ने दिया। इस अवसर पर गोविदपुर प्रखंड पेंशनर समाज की वार्षिक बैठक भी की गई। इसमें नए सदस्यों को पहचान पत्र दिए गए। 75 वर्ष एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को शॉल एवं धार्मिक पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पेंशनरों ने नदी किनारे वनभोज का भी आनंद लिया। केनरा बैंक एवं इलाहाबाद बैंक के प्रतिनिधियों ने भी इसमें भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में नमिता दास, छाया मांझी, मंजू सरकार, चित्रा सरकार, नीला लाल, गुलेल अंसारी, रफीक अंसारी, सुरेश चंद्र झा, वीरेंद्र कुमार, वासुदेव गोस्वामी, नीलकंठ मंडल, नकुल मंडल, बदरुद्दीन अंसारी, कालीचरण रजक आदि का सक्रिय योगदान रहा।
धनबाद जिला गठित कमेटी : गठित कमेटी में रामदेव सिंह संरक्षक, नवल किशोर प्रसाद सिंह अध्यक्ष, केडीएन आजाद, एसएन त्रिपाठी, रामायण सिंह व वासुदेव गोस्वामी उपाध्यक्ष, हरिशंकर प्रसाद सचिव, विनोद कुमार सिंह कार्यकारी सचिव, मथुरा प्रसाद दत्ता, महादेव चटर्जी, निमाई मुखर्जी एवं गुलेल अंसारी संयुक्त सचिव, केपी तिवारी कोषाध्यक्ष चुने गए। साथ ही दर्जनों कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।