कोरोना पर मजाक को लेकर भिड़े दो संप्रदाय के लोग, पत्थरबाजी के बाद तनाव Dhanbad News
पत्थरबाजी में मंडल टोला की 80 वर्षीय हिंदुली देवी के दाहिना हाथ चोट आई। कन्हाई मंडल के पीठ व राखाल मंडल के मुंह पर चोट लगी। वहीं दूसरे पक्ष से मेहदी हसन को भी चोट आई।
कालूबथान, जेएनएन। कलियासोल प्रखंड स्थित बड़ा आंबोना पंचायत के कोइरी गांव में कोरोना को लेकर मजाक-मजाक में दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। इसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना पाकर एसडीपीओ विजय कुशवाहा, सीओ एमएन मंसूरी, बीडीओ ललित प्रसाद सिंह, कालूबथान ओपी प्रभारी रामाशीष पासवान, पुलिस दंडाधिकारी भीम कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव के ही अबुल शेख पंखा बनाने का सामान लाने नीचे टोला जा रहे थे। उसी दौरान गणेश मंडल नामक युवक ने कोरोना को लेकर मजाक कर दिया। इससे गुस्सा होकर अबुल ने बांस व पेड़ की डाली काटकर गांव के रास्ते को अवरूद्ध कर दिया। सूचना पाकर कोइरी गांव के कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण उससे बोले, रास्ता अवरूद्ध कर मजाक क्यों कर रहे हैं। हमसब साथ मिलकर रहते हैं। लेकिन इसी बीच दूसरे तरफ से पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई।
पत्थरबाजी में मंडल टोला की 80 वर्षीय हिंदुली देवी के दाहिना हाथ चोट आई। कन्हाई मंडल के पीठ व राखाल मंडल के मुंह पर चोट लगी। वहीं दूसरे पक्ष से मेहदी हसन को भी चोट आई। इस बीच पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी दलबल वहां पहुंचे। अगर समय पर पुलिस घटना स्थल नहीं पहुंचती तो स्थित बिगड़ सकती थी। घटना के बाद एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाहा ने पूरे गांव में माइक से प्रचार कर ग्रामीणों को सचेत किया कि लॉकडाउन तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिगड़ते माहौल को देखते हुए एसएसपी किशोर कौशल ने जिला से पुलिस बल भेजकर कोइरी गांव में कैंप लगवाया। पुलिस मामले की छानबीन कर कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है।