पंचेत की विवाहिता ने लगाई आग, ससुरालवालों पर हत्या का आरोप
पत्नी को बचाने के क्रम में पति कंचन बागती भी घायल हो गया। आसनसोल महकमा अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
संस, पंचेत: चिरकुंडा थाना क्षेत्र के जूनकुंदर श्रम कल्याण केंद्र के पीछे रहनेवाले कोलकर्मी माणिक बागती की बहू अर्चना बागती की मौत आग से झुलसने के कारण हो गई। ससुरालवालों का कहना है कि विवाहिता ने खुद आग लगाई है जबकि मायकेवालों ने आरोप लगाया है उसकी हत्या कर जला दिया गया है।
आग में बुरी तरह से झुलस जाने के कारण आसनसोल महकमा अस्पताल में इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। इधर, पत्नी को बचाने के क्रम में पति कंचन बागती भी घायल हो गया। आसनसोल महकमा अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
मृतका के परिजनों ने कहा कि अर्चना बागती का विवाह छह वर्ष पूर्व माणिक बागती के पुत्र 31 वर्षीय कंचन बागती के साथ हुआ था। उनका चार वर्ष का पुत्र भी है। बीते कई दिनों से पारिवारिक कलह चल रहा था।
ससुरालवालों का कहना है कि विवाद को लेकर मृतका के मां और भाई आने वाले थे। इसी को लेकर हुई बकझक में पत्नी ने खुद को आग लगा ली। कंचन ने दरवाजा तोड़ कर पत्नी को बचाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक वह काफी हद तक जल गई थी। महिला को इलाज के लिए आसनसोल महकमा अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
अर्चना के पिता कुल्टी थाना के शीतलपुर निवासी जितेन सिंह और चाचा दीपक सिंह ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि अर्चना की मौत हादसे से नहीं हुई, बल्कि उसे जानबूझकर जलाया गया है। आरोप लगाया कि ससुराल में हमेशा ही पति, ससुर व दो देवर हमेशा ही अर्चना पर अत्याचार करते थे। रविवार को अर्चना के ससुराल में कोई कार्यक्रम था। सुबह करीब सात बजे दामाद ने फोन किया कि आपलोग आ रहे है या नहीं। इसके एक घंटे बाद पुन: फोन आया कि अर्चना जल गई है, उसे बराकर आस्था अस्पताल ले जा रहे है। बाद में उसे जिला अस्पताल लाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। वहीं दंडाधिकारी की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
इधर, पोस्टमार्टम के बाद मृतका के परिजन चिरकुंडा थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज करने की माग की। पुलिस ने कहा कि आसनसोल में शिकायत ले ली गई है। दो जगह शिकायत नहीं ली जाएगी। परिजनों ने आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की माग को लेकर थाने में हंगामा किया। मृतका के ससुर माणिक बागती, पति कंचन बागती, देवर राज कुमार बागती, नंद कुमार बागती को मुख्य आरोपित बनाया है। पुलिस ने नंद कुमार बागती को हिरासत में लिया है।