यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Panchayat Chunav: मोहलीडीह में लाला एंड फैमिली की हैट्रिक... पंचायत चुनाव में बहू ने वापस लिया नाम, निर्विरोध जीती पत्नी
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बाघमारा प्रखंड की मोहलीडीह पंचायत में पंचायत सदस्य समिति के रूप में शहनवाज बेगम निर्विरोध निर्वाचित ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बाघमारा प्रखंड की मोहलीडीह पंचायत में पंचायत सदस्य समिति के रूप में शहनवाज बेगम निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। शाहनवाज कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव इसराफिल उर्फ लाला की पत्नी हैं। इससे पहले दो बार लाला ने मोहलीडीह पंचायत का बतौर पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधित्व किया। 2010 में पहली बार वह इस सीट से पंचायत चुनाव जीते। जीत की हैट्रिक से परिवार में जश्न का माहौल है।
बहू से ही था काॅम्पीटिशन, बहू ने ही दिलाई जीत: मालूम हो कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में बाघमारा प्रखंड में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। प्रखंड की मोहलीडीह सीट के महिलाओं के लिए आरक्षित होने के बाद लाला ने इससे अपनी पत्नी शहनवाज बेगम का नामांकन दाखिल कराया था। वहीं दूसरी ओर बहू नाजिया बेगम ने भी नामांकन करा लिया था, लेकिन आज नाम वापसी के दिन बहू नाजिया बेगम ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद सास शहनवाज बेगम निर्विरोध रूप से पंचायत समिति सदस्य के रूप में चुन ली गईं। जीत के बाद लाला ने कहा कि पिछले दो बार के कार्यकाल में उन्होंने जो बेहतर कार्य किए, अब उनकी पत्नी उसे आगे बढ़ाएंगे। वहीं जो काम अबतक अधूरे रह गए, उनको भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। लाला ने अपनी जीत का श्रेय मोहलीडीह पंचायत के सभी लोगों को दिया।

[सोमवार को नाम वापसी के लिए आवेदन देती लाला की बहू नाजिया बेगम]
पानी भरने को लेकर हुआ था विवाद, तैश में आकर बहू ने भर दिया था पर्चा: बताया जाता है कि सास और बहू में बीते दिनों पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। इसी वजह से बहू ने गुस्से में आकर पंचायत चुनाव में अपनी सास के विरुद्ध नामांकन दाखिल कर दिया। हालांकि बाद में दोनों के बीच सुलह होने पर बहू ने नाम वापस ले लिया, जिसके बाद सास निर्विरोध जीत गई।
गोडविन के सरेंडर पर लाला ने कहा, यह तो पहले से तय था: गौरतलब है कि आज ही के दिन सुबह गैंग्स ऑफ वासेपुर के गोडविन खान और हीरा ड्राइवर ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। लाला को गोडविन के छोटे भाई प्रिंस खान के नाम पर लगातार रंगदारी के लिए धमकी मिलती रही है। इस संबंध में लाला ने कहा कि बुरे कर्मों का फल हमेशा बुरा होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस के दबाव में आकर ही गोडविन ने बचने के लिए सरेंडर कर दिया है। कहा कि इन सब पर पुलिस का शिकंजा कसना पहले से तय था।
