यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pakur News: थाना में थानेदार और दारोगा के बीच ढिशुम... ढिशुम..., एसपी ने दोनों को दी सजा
Pakur News पाकुड़ के हिरणपुर थाना में हंगामा खड़ा हो गया जब थानेदार और दारोगा के बीच भिड़ंत हो गई। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पाकुड़। हिरणपुर थाना परिसर में शनिवार की शाम थानेदार मदन कुमार व एसआइ जफर आलम के बीच बहस हो गई। यह कुछ देर में इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच धक्कामुक्की होने लगी। इस घटना में एसआइ जफर को चोट भी लग गई। थाना प्रभारी ने जफर को गश्त पर जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद ही दोनों में बहस होने लगी। मामले की सूचना एसपी एचपी जनादर्नन तक भी पहुंची। उन्होंने इसे गंभीरता से लेकर पुलिस निरीक्षक प्रभु सहाय एक्का से जांच करवाई। पुलिस निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट में दोनों को ही दोषी माना है। रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने अनुशासनहीनता के आरोप में दोनों को ही निलंबित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि मदन कुमार का विवादों से नाता रहा है। जब पाकुड़िया में थानेदार थे तब वहां एक झामुमो नेता से उलझ गए थे। वह मामला इंटरनेट मीडिया में वायरल हुआ था। वहीं पाकुड़िया के बाबूझूटी गांव में ही ग्र्रैंड्स माइनिंग कंपनी पत्थर खदान से मुख्य मार्ग तक रास्ता बनवा रही थी। इसका स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया था। इस पर थानेदार मदन कुमार ने ग्र्रामीणों को पुलिसिया रौब दिखाकर धमकाया तो आदिवासी समाज के लोग उग्र हो गए थे। लाठी, डंडे लेकर थानेदार पर हमला कर दिया था। पुलिस टीम ने लहूलुहान थानेदार को भीड़ से किसी प्रकार बाहर निकाला था।
दोनों पुलिस पदाधिकारियों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसलिए दोनों को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
-एचपी जनार्दनन, एसपी, पाकुड़
