संस, जामाडोबा : फुसबंगला - जामाडोबा सड़क पर पर स्थानीय लोगों की ओर से कई वर्षों से भागा रेलवे क्रासिग के निकट ओवरब्रिज बनाने की मांग की जाती रही है। यह अब पूरा होता दिख रहा है। गुरुवार से आद्रा रेल मंडल की ओर से ओवरब्रिज बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए इस सड़क को अस्थाई रूप से फिलहाल बंद कर जोड़ापोखर थाना के निकट शहीद शशिकांत चौक से प्रशासन ने रुट तय कर दिया है। ओवरब्रिज बनाए जाने से अधिकतर लोगों में खुशी है। फुसबंगला निवासी शमीम अख्तर ने कहा कि रेलवे क्रासिग के पास हमेशा सड़क जाम लगे रहने से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
ओवरब्रिज बनाने में सभी लोगों को थोड़ी कठिनाई सहकर भी सहयोग करना चाहिए। किशोर कुमार ने कहा कि रेलवे व झारखंड सरकार का यह सराहनीय कदम है, लेकिन ओवरब्रिज बनाने वाले को समय का ध्यान देते हुए कार्य को समय पर पूरा करना चाहिए। फुसबंगला के रहने वाले दर्जी मास्टर ने कहा कि क्रासिग के कारण कई तरह की कठिनाई होती थी। ओवरब्रिज के बन जाने से आनेवालों दिनों में परेशानी दूर होगी। कोल कर्मी भोला सिंह ने कहा कि बच्चों को स्कूल ले जाने के समय सड़क जाम के कारण बहुत कठिनाई होती थी। अब हमें जाम से निजात मिलेगी। फुसबंगला के रहने वाले ड्राइवर अशोक साव ने कहा कि यहां पर ओवरब्रिज का बनना बहुत जरूरी है। रेलवे व सरकार ने देर से ही सही अच्छा कदम उठाया। इससे सैकड़ों लोगों को हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी।
a