डीजल चुराने में गोली मारकर युवक की हत्या, तिसरा थाना के पीछे मिली लाश
तिसरा थाना के पीछे गोलक डी बांद्र दौड़ा निवासी घनश्याम निषाद उर्फ़ गेरा (32) की हत्या गोली मार कर दी गई। परिजनों ने मृतक के दोस्त बल्लू यादव पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, तिसरा। तिसरा थाना के पीछे गोलक डी बांद्र दौड़ा निवासी घनश्याम निषाद उर्फ़ गेरा (32) की हत्या गोली मार कर दी गई। घटना रात लगभग दो बजे की है। परिजनों ने मृतक के दोस्त बल्लू यादव पर गोली मारने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर गुरुवार की सुबह सिंदरी डीएसपी प्रमोद केसरी, तिसरा थाना प्रभारी नेहरू लाल सोय, धनुडीह ओपी प्रभारी अवध बिहारी सिंह घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद मृतक की पत्नी और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
घनश्याम को बुलाकर ले गया था बब्लू: मामला डीजल चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। घनश्याम की पत्नी अंजू देवी और भाई छोटू निषाद ने बताया कि रात में लगभग सात बजे बब्लू यादव किसी काम से घनश्याम को बुलाकर ले गया था। रात में दो बजे उसने खुद सूचना दी कि घनश्याम जोरिया के पास गिरा है। परिजन जब जोरिया के पास गए तो देखा उसकी पीठ में गोली लगी थी। उसे उठाकर परिजन घर ले गए, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। उन्होंने बब्लू पर हत्या का संदेह जताया है। दूसरी ओर इस मामले को डीजल चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। घनश्याम बब्लू यादव एवं अन्य के साथ मिलकर डीजल चुराता था। मृतक की पत्नी ने घटना में रिंकु यादव, नुनू भुइयां का भी हाथ होने का आरोप लगाया है।
दोस्त ने किया था गलत धंधे में शामिल: घनश्याम पर उसके दो भाई समेत पत्नी, तीन बेटी और एक छोटा बेटा आश्रित था। परिजनों ने कहा कि दोस्त बब्लू ने ही घनश्याम को गलत धंधे में उतारा था। अक्सर रात में वह घर से गायब रहता था, इसलिए बुधवार की रात किसी अनहोनी का संदेह नहीं हुआ। मृतक की पत्नी ने कहा कि पिछले दिनों रिंकु यादव ने घनश्याम को धमकी भी दी।
हाल ही में जेल से छूटा था घनश्याम: घनश्याम एनसी परियोजना में 6 अगस्त को हुई गोलीबारी में अभियुक्त था। इस मामले में हाल ही में जेल से छूटा था। इस संबंध में सिंदरी डीएसपी प्रमोद केसरी ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर तहकीकात कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि जोरिया के समीप चल रहे आउटसोर्सिंग स्थल पर भी जांच की गई। हालांकि अभी तक स्पष्ट तौर पर यह पता नहीं चल सका है कि गोली किसने और क्यों मारी।
क्षेत्र में डीजल चोरों के कई गिरोह सक्रिय: तिसरा थाना क्षेत्र में इन दिनों डीजल चोरों का कई गिरोह सक्रिय है। नार्थ तिसरा परियोजना गोलकडीह परियोजना और बीजीआर परियोजना से गिरोह के सदस्य डीजल चुराते हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इस काम में इन्हें पुलिस और सीआइएसएफ का भी संरक्षण प्राप्त है। चुराए गए डीजल को तिसरा थाना क्षेत्र के जयरामपुर मोर से लेकर कुसमाटांड़ तक अवैध डीजल दुकानों में खपाया जाता है। एक गिरोह गोल्डन पहाड़ी के पास भी सक्रिय है। कई बार डीजल चोरों में आपसी रंजिश में पथराव की भी घटना घट चुकी है।