बाजार समिति के अधिकारी पहुंचे झरिया हाट, कहा कई दुकानों, गोदामों में है कब्जा
झरिया झरिया के राज ग्राउंड स्थित कृषि बाजार हाट में कई वर्षों से अवैध शराब कारोबारि
झरिया : झरिया के राज ग्राउंड स्थित कृषि बाजार हाट में कई वर्षों से अवैध शराब कारोबारियों की ओर से गोदाम को कब्जे में कर नकली शराब बनाने का मामला प्रकाश में आने के बाद कृषि बाजार समिति के अधिकारियों की नींद खुली। सोमवार को कृषि बाजार समिति के अधिकारी राजेश कुमार, रमेश कुमार शर्मा आदि ने झरिया हाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हाट में मौजूद दुकानों व गोदामों की जांच की। जिन गोदामों से नकली शराब पुलिस जब्त की थी। उन गोदाम की भी जांच की। जांच के दौरान समिति के अधिकारी रमेश कुमार ने कहा कि यहां की ज्यादातर दुकानों पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। यहां के शौचालय व गोदाम में भी अवैध कब्जा किया गया है। कई वर्षों से यहां की दुकानों व गोदाम का आवंटन नहीं किया गया है। सभी अवैध कब्जा धारियों पर कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारी को सौंप देंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारों की माने तो झरिया हाट में लगभग 45 दुकानें व गोदाम हैं।
तीन दशक पूर्व सब्जी व फल बेचने का यहां शुरू हुआ था कारोबार :
झरिया कृषि बाजार हाट के दुकानदारों को कहना है कि तीन दशक पूर्व हमलोग सब्जी पट्टी में फल व सब्जी बेचा करते थे। उस समय यहां प्रशासन की ओर से दुकानें व गोदाम बनाकर कृषि बाजार समिति की ओर से फल व सब्जी बेचने का अधिकार दिया गया था। उस समय किसी प्रकार की लिखा-पढ़ी नहीं हुई थी। न ही कोई शुल्क देने को कहा गया था। किसी तरह इस हाट में अपने गुजर बसर के लिए यहां फल व सब्जी बेचा करते हैं। धीरे-धीरे लोग यहां खरीदारी को आने लगे। अधिकारी ने लगभग 35 वर्षों में एक बार भी यहां की समस्या को लेकर कभी वार्ता तक नहीं की। हमलोग अपने मर्जी से यहां नहीं आए थे। हमलोगों को जबरन लाया गया था।
पूर्व में दुकानदार व अधिकारियों के बीच हुई थी वार्ता :
झरिया हाट के दुकानदारों ने कहा कि पूर्व में कृषि बाजार समिति धनबाद के अधिकारियों से यहां की दुकानों व गोदाम को आवंटन करने की मांग की गई थी। दुकानों का आवंटन होने से सरकार को भी राजस्व प्राप्त होता। अधिकारियों ने वार्ता की पहल नहीं की। यदि यहां के दुकानदारों को गोदाम व दुकान का आवंटन कर दिया जाता तो कब्जा नहीं हो पाता।