राउरकेला तक जाएगी पाटलिपुत्र, धनबाद होकर दो नई ट्रेन, आरा जाने वाली ट्रेन का होगा बक्सर-छपरा तक विस्तार Dhanbad News
रांची से आरा तक गोमो होकर चलने वाली ट्रेन का विस्तार बक्सर या छपरा तक मांगा गया है। रेलवे बोर्ड से एक्सटेंशन को मंजूरी मिलने पर धनबाद जिले के यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन बंद होने से छिनी गई रांची-न्यू जलपाईगुड़ी और रांची-कोलकाता एक्सप्रेस के पटरी पर लौटने की संभावना बढ़ गई है। इतना ही नहीं, पटना से हटिया के बीच धनबाद होकर चलने वाली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ओडिशा के राउरकेला तक चलने की भी संभावना है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने अगले महीने 26 से 28 फरवरी तक बेंगलुरू में होने वाली इंडियन रेलवे टाइम टेबल कांफ्रेंस (आइआरटीटीसी-2020) को लेकर अपने मजबूत पक्ष के साथ प्रस्ताव सौंप दिया है। आइआरटीटीसी-2020 में इन प्रस्तावों पर मंथन होगा।
रांची-न्यू जलपाईगुड़ी और रांची-कोलकाता एक्सप्रेस पहले भी चल रही थी। 15 जून 2017 को धनबाद-चंद्रपुरा रेललाइन बंद होने के कारण इन दोनों ट्रेनों को बंद कर दिया गया। अब इस रेल लाइन की ज्यादातर ट्रेनें पटरी से उतर चुकी हैं। इस वजह से इन दोनों ट्रेनों को चलाने के लिए ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी होगी। इसी तरह पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का राउरकेला तक विस्तार की राह में भी रोड़े नहीं हैं। इस ट्रेन के एक्सटेंशन से धनबाद से राउरकेला तक पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा। अभी एक मात्र धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस राउरकेला की नियमित ट्रेन है।
धनबाद को इन ट्रेनों का मिलेगा लाभ
- 18621 पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस व 18622 हटिया-पटना एक्सप्रेस का राउरकेला तक विस्तार
- 18629 रांची-न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक - प्रत्येक गुरुवार
- 18620 न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक टे्रन - प्रत्येक शुक्रवार
- रांची-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस
- रांची से गुरुवार व कोलकाता से शुक्रवार
गोमो होकर चलने वाली ट्रेनें
- 18609-18610 रांची-लोकमान्य तिलक- साप्ताहिक एक्सप्रेस, रांची से रविवार व लोकमान्य तिलक से मंगलवार, अभी वाया गोमो-पारसनाथ, प्रस्तावित वाया लोहरदगा-टोरी
- 18639 रांची-आरा एक्सप्रेस, अभी - साप्ताहिक, प्रस्तावित - सप्ताह में तीन दिन
- 18640 आरा-रांची एक्सप्रेस, अभी - साप्ताहिक, प्रस्तावित -सप्ताह में तीन दिन
गोमो से बक्सर या छपरा तक मिल जाएगी सीधी ट्रेन : रांची से आरा तक गोमो होकर चलने वाली ट्रेन का विस्तार बक्सर या छपरा तक मांगा गया है। रेलवे बोर्ड से इस ट्रेन के एक्सटेंशन को मंजूरी मिल गई तो गोमो और आसपास के यात्रियों को बिहार के इन दोनों शहरों तक पहुंचने के लिए एक बेहतर विकल्प मिल जाएगा। बता दें कि हर दिन कई यात्री धनबाद जिले से आरा, बक्सर जाते है। अभी उन शहरों को जोड़ने के लिए कोई सिधी ट्रेन नहीं है।
गोमो से छिन जाएगा मुंबई पहुंचने का साप्ताहिक विकल्प : रांची से लोकमान्य तिलक तक जाने वाली ट्रेन गोमो से मुंबई पहुंचने का एक बेहतर साप्ताहिक विकल्प है। इस रूट पर धनबाद से मुगलसराय तक एक मात्र नियमित ट्रेन हावड़ा-मुंबई मेल ही है, जिसमें पूरे साल कंफर्म सीट नहीं मिलती है। गोमो और आसपास के यात्री रांची-लोकमान्य तिलक को विकल्प के तौर पर चुनते हैं। अब इस ट्रेन को वाया लोहरदगा-टोरी चलाने का प्रस्ताव दिया गया है। इस पर मुहर लग गई तो गोमो से मुंबई तक पहुंचने का साप्ताहिक विकल्प भी छिन जाएगा।