अब शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य केंद्रों में चलेगा ओपीडी, धनबाद में भी लागू, नए निर्देश से डॉक्टरों में नाराजगी
स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक के निर्देश के बाद अब धनबाद में ओपीडी का समय बदल दिया गया है। अब ओपीडी दो पाली में चलाया जाएगा। पहली पाली का समय सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक। दूसरी पाली का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। सदर अस्पताल और धनबाद के तमाम स्वास्थ्य केंद्रों में अब ओपीडी शाम 5 बजे तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक के निर्देश के बाद अब धनबाद में ओपीडी का समय बदल दिया गया है। सदर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी का पुराना समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक था। लेकिन अब नए निर्देशों के अनुसार यह ओपीडी दो पाली में चलाया जाएगा। पहली पाली का समय सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक। दूसरी पाली का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक का है। इस तरीके से ओपीडी शाम 5 बजे तक चलाया जाएगा।
सिविल सर्जन ने सभी प्रभारियों को दिया निर्देश
ओपीडी की नई समय सारणी को लेकर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारियों को निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में ओपीडी का नया टाइम टेबल लागू कर दिया गया है। इसके अलावा सभी आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी ओपीडी का नया टाइम टेबल लागू किया जा रहा है। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी इसे लागू किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में पहले से लागू है यह व्यवस्था
सदर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में भले ही दो पाली में ओपीडी सेवा शुरू की जा रही है, लेकिन राज्य के मेडिकल कॉलेजों में यह सेवा काफी पहले से लागू है। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल धनबाद में दो पाली में ओपीडी सेवा दी जा रही है। अब सदर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र दो पाली में ओपीडी चलाएंगे।
डॉक्टर, कर्मचारियों को नहीं भा रहा नया नियम
दो पाली में ओपीडी सेवा शुरू करने के नियम को लेकर डॉक्टर और कर्मचारी नाराज हैं। डॉक्टरों का कहना है 9:00 से 3:00 ओपीडी का समय ठीक था। शाम में ओपीडी में मरीज नहीं आते हैं। ऐसे मरीज का इलाज आपातकालीन विभाग में होता था। लेकिन शाम 5 बजे तक ओपीडी में रहने की वजह से डॉक्टर और कर्मचारियों को खाली बैठना पड़ेगा। धनबाद के सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने कहा, क्षेत्रीय उपनिदेशक के निर्देश के बाद धनबाद में ओपीडी का नया समय लागू कर दिया गया है। इससे संबंधित तमाम निर्देश प्रभारियों को दिए गए हैं।