Jharkhand: नरम पड़े कार्यकारी अध्यक्ष इरफान के तेवर, कहा-कांग्रेस गंगा, धुल जाएगा प्रदीप यादव का पाप
लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदीप यादव पर अपनी ही पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ याैन शोषण का आरोप लगा था। इस मामले में यादव को काफी दिनों तक जेल में रहना पड़ा।
गोड्डा, जेएनएन। प्रदीप यादव के विरोध में झंडा उठाए झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक इरफान अंसारी के स्वर ठंडे पड़ गए लगते हैं। अंसारी ने कहा कि विधायक प्रदीप यादव से कोई जातीय दुश्मनी नहीं है। कुछ मुद्दों को लेकर मतभेद जरूर था।
झारखंड विकास मोर्चा के विधायक प्रदीप यादव हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। गोड्डा जिले के पोडैयाहाट से विधायक यादव और जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी के परिवार के बीच वर्षों से राजनीतिक अदावत रही है। लोकसभा चुनाव- 2019 के दाैरान प्रदीप यादव ने इरफान अंसारी के पिता फुरकान अंसारी को गोड्डा से कांग्रेस का टिकट नहीं लेने दिया था। कांग्रेस गठबंधन पर दबाव डालकर यादव ने झाविमो के खाते में गोड्डा लोकसभा सीट लिया था और खुल चुनाव लड़ा था। विधायक इरफान और इरफान के पिता पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने विरोध का एलान किया था। चुनाव में प्रदीप यादव को हार का सामना करना पड़ा। हाल ही में जब प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने की बात चली तो इरफान अंसारी ने कहा था कि वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदीप यादव पर अपनी ही पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ याैन शोषण का आरोप लगा था। इस मामले में यादव को काफी दिनों तक जेल में रहना पड़ा।
अल हिंद वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से गोड्डा के रानीडीह में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पुरस्कार वितरण में रविवार को पहुंचे झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा है कि प्रदीप यादव से उनकी कोई जातीय दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से शुरुआती दिनों में कुछ मुद्दों को लेकर विरोध था लेकिन राजनीत में स्थाई दोस्त और दुश्मन नहीं होते। परिस्थितियों के अनुरूप ही पार्टी को मजबूत किया जाता है। इरफान ने कहा कि कांग्रेस तो गंगा है, यहां पर हर किसी का पाप धुल जाता है।