अब अंचल स्तर से निर्गत होंगे स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, सरकार का आदेश जारी Dhanbad News
झारखंड में स्थानीय नीति लागू होने के बाद सिर्फ अनुमंडल स्तर से ही स्थानीय प्रमाण पत्र निर्गत हो रहा था। परेशानियों को दूर करने के लिए अब अंचल स्तर से प्रमाण पत्र निर्गत होगा।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड का स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए अब अंचल अधिकारियों को भी प्राधिकृत कर दिया गया है। इस बाबत धनबाद जिला प्रशासन ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया है।
झारखंड में स्थानीय नीति लागू होने के बाद सिर्फ अनुमंडल स्तर से ही स्थानीय प्रमाण पत्र निर्गत हो रहा था। इस दाैरान होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए पिछले दिनों सरकार ने अंचल स्तर पर प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्णय लिया। इस बाबत सरकार के अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल के सभी उपायुक्तों को आदेश जारी किया था। निर्देशानुसार अंचल अधिकारी के स्तर से निर्गत स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र सभी कार्यों, प्रयोजनों के लिए मान्य होंगे।साथ ही यह प्रमाण पत्र धारक के जीवन काल तक सभी कार्यों के लिए मान्य होगा।
पूर्व से अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा ऑनलाइन निर्गत किए जा रहे स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र भी मान्य होंगे।
सरकार के अपर मुख्य सचिव ने बताया कि स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र के निर्गमन में कठिनाई को देखते हुए स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु अंचल अधिकारियों को भी प्राकृतिक करने का निर्णय लिया गया है।