अब गैस सिलेंडर ब्लास्ट का डर नहीं, ये है इनकी खासियत
निजी कंपनी ने फिलहाल ग्राहकों के लिए 5, 12, और 21 लीटर के सिलेंडर का डिस्प्ले किया गया हैं।
अशोक कुमार, धनबाद। लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) के सिलेंडरों पर खाना तो आसानी से बन जाता है, लेकिन किसी हादसे की स्थिति में यह जान माल को काफी नुकसान भी पहुंचाता है। एक समस्या यह भी है कि इनसे गैस की चोरी की शिकायत अक्सर मिलती है। इन सब समस्याओं का हल है पारदर्शी ब्लास्ट प्रूफ सिलेंडर। भारी भरकम लोहे की जगह अब फाइबर से बने ब्लास्ट प्रूफ पारदर्शी सिलेंडर बाजार में आने लगे हैं।
धनबाद में इसकी शुरुआत प्राइवेट गैस कंपनी गो गैस कर रही है। इसने ग्राहकों के लिए इन सिलेंडरों को मंगाना शुरू कर दिया है। अगले तीन से चार महीने में कंपनी अपने सभी ग्राहकों को यह सिलेंडर देने की स्थिति में होगी। वहीं, सरकारी कंपनियां इस वर्ष के मध्य से लेकर अंत तक यह सिलेंडर बाजार में उतार सकती हैं। इस सिलेंडर पर काफी लंबे समय से काम चल रहा था, जो अब जाकर पूरा हुआ है।
छह श्रेणियों में होंगे सिलेंडर:
निजी कंपनी ने फिलहाल ग्राहकों के लिए 5, 12, और 21 लीटर के सिलेंडर का डिस्प्ले किया गया हैं। भविष्य में 15, 17 और 33 लीटर का सिलेंडर भी उतारने की योजना है।
बेहद हल्के होंगे:
सबसे पहला फायदा तो इनका ये है कि ये बेहद हल्के हैं। इसे आसानी से उठाया जा सकता है। इससे इसका ट्रांसपोर्टेशन आसान होगा।
ब्लास्ट प्रूफ:
सिलेंडर के अंदर बेहद हल्के ब्लास्ट प्रूफ पदार्थ लगे हुए। मतलब कि अगर आप इसे अपनी रसोई में लगाते हैं तो आपको बेफिक्र हो जाना चाहिए क्योंकि इसके फटने का तो कोई खतरा नहीं है।
पारदर्शी फ्रेम:
तीसरा इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें पारदर्शी फ्रेम लगे हैं। जिससे इसके अंदर तरल के रूप मौजूद गैस भी दिखेगी। इससे गैस की चोरी का खतरा भी खत्म जाएगा। इससे पहले से अंदाजा लग जाएगा कि नए सिलेंडर के लिए कब आर्डर करना है।
दो साल विलंब से योजना:
केंद्र सरकार ने इस तरह के सिलेंडर को 2016-17 में ही बाजार में उतारने की घोषणा की थी। लेकिन इस में लगभग दो वर्ष का विलंब हो गया है। इसे हर हाल में वित्तीय वर्ष 2018 - 19 में लांच कर देना है।
सरकारी कंपनियां भी करेगी लांच
सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल के अधिकारियों के अनुसार उनकी कंपनी भी इस तरह का सिलेंडर लांच करेगी। सबसे पहले पुणे व अहमदाबाद में ऐसे सिलेंडर को उतारा जाएगा। देश भर के अन्य हिस्सों में इन्हें वर्ष के अंत में उतारा जाएगा। इसी तरह हिंदुस्तान पेट्रोलियम व भारत पेट्रोलियम भी इस वर्ष के अंत तक ऐसे सिलेंडर को उतारने की योजना बना रही है।
हमारे पास धनबाद में 300 ग्राहक हैं। अप्रैल तक हम सभी को ऐसे ब्लास्ट प्रूफ सिलेंडर देने की स्थिति में होंगे। क्योंकि अभी इसका उत्पादन काफी सीमित है।
- नित्यानंद कुमार, वितरक, गो गैस
यह भी पढ़ेंः लालू ने हज सब्सिडी हटाने पर पीएम मोदी पर साधा निशाना