Dhanbad Weather Forecast: कोहरे के बीच नए साल की अगवानी को हो जाइए तैयार, माैसम में बदलाव के आसार नहीं
Dhanbad Weather Forecast झारखंड में उत्तरी और उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिनभर मौसम में ठंडक बनी रह रही है। शाम ढलने के साथ ही ठंड बढ़ भी रही है। अभी कई दिनों तक यही परिस्थिति बनी रहेगी।
धनबाद, जेएनएन। इस हफ्ते मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में भी उतार-चढ़ाव नहीं देखने को मिलेगा। नए साल-2021 के पहले दिन भी मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना नहीं है। यानी नए साल के जश्न पर ठिठुरन वाली सर्दी खलल नहीं डालेगी। लोग परिवार के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट कर सकेंगे। हालांकि नए साल का स्वागत करने के लिए सुबह-सुबह कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड में उत्तरी और उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिनभर मौसम में ठंडक बनी रह रही है। शाम ढलने के साथ ही ठंड बढ़ भी रही है। अभी कई दिनों तक यही परिस्थिति बनी रहेगी। सुबह में देर तक कोहरा छाए रहने का कारण हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। पश्चिम विक्षोभ के बादल इस ओर नियमित रूप से आ रहे हैं जिससे कोहरा छा रहा है।
धनबाद में फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। आने वाले दिनों में ठंड कुछ और बढ़ सकती है। माैसम विभाग रांची के अनुसार माैसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह में कहीं-कहीं कोहरा व धुंध बनी रहेगी। माैसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। धनबाद सहित पड़ोसी जिलों में न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री के आसपास ही रहेगा।