शहर को जाममुक्त बनाने का प्लान तैयार, गया पुल के पास बनेगा अंडरपास Dhanbad News
धनबाद में रेलवे अंडरपास गया ब्रिज में लगने वाले जाम से जल्द से जल्द मुक्ति दिलाने के लिए काम शुरू किया जाए। एक और अंडरपास बगल में बनाए जाने के लिए रेलवे से NOC प्राप्त हो चुका है।
धनबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धनबाद में गया पुल के बगल में एक और अंडरपास बनाने का निर्देश दिया है। धनबाद शहर के लिए गया पुल गतिरोध बन कर रह गया है। यहां दिन भर जाम लगा रहता है। जाम में फंस कर लोग कराहते रहते हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उम्मीद बढ़ी है। अगर अंडरपास बनता है तो धनबाद शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को रांची में अधिकारियों के साथ बैठक के दाैरान धनबाद में गया पुल के पास अक्सर जाम की समस्या का शीघ्र निदान निकालने के लिए निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि धनबाद में रेलवे अंडरपास गया ब्रिज में लगने वाले जाम से जल्द से जल्द मुक्ति दिलाने के लिए काम शुरू किया जाए। एक और अंडरपास बगल में बनाए जाने के लिए रेलवे से नो ऑब्जेक्शन प्राप्त हो चुका है। जल्द ही डीपीआर बनाकर इसकी कार्रवाई करें। तैयारियों के अनुसार यह अंडरपास वाहनों को लेकर सीधे मटकुरिया की ओर निकल जाएगा। इससे शहर से बाहर जानेवाली गाडिय़ां बैंक मोड़ की ओर नहीं जाएंगीं।