Naxalite Chhotku Mondal: देवघर पुलिस ने बिहार के चकाई से किया गिरफ्तार, 8 साल से थी तलाश
छोटकू मंडल ने जसीडीह थाने के बोढनिया गांव स्थित डढ़वा नदी पर पुल निर्माण करने वाली एजेंसी केके बिल्डर्स 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रुपये नहीं मिलने पर मजदूरों को बंधक बना लिया था। इसी मामले में छोटकू की चकाई से गिरफ्तारी हुई है।
संवाद सहयोगी, जसीडीह(देवघर)। जसीडीह पुलिस ने नक्सली गतिविधि में शामिल नक्सली बिल्लीगादी निवासी छोटकू मंडल उर्फ चटरू को उसके गांव से गिरफ्तार किया है। उस पर बिहार और झारखंड के कई थाने में मामला दर्ज है। जसीडीह में दर्ज एक मामले में वह बीते आठ साल से फरार चल रहा था। जिसकी जांच कर रहे स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि चटरू बिहार के चकाई स्थित बिल्लीगादी गांव में रह रहा है। जिसके बाद उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। मंडल की गिरफ्तारी देवघर पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। उसपर झारखंड के देवघर और गिरिडीह जिले में मामले दर्ज हैं।
वर्ष 2013 में जसीडीह थाने के बोढनिया गांव स्थित डढ़वा नदी पर पुल निर्माण का काम चल रहा था। काम का ठेका केके बिल्डर्स को मिला था। इस दौरान नक्सलियों ने संवेदक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बावजूद ठेकेदार ने नक्सलियों को रुपये नहीं दिए। इससे नाराज नक्सलियों ने एक माह बाद संवेदक को फोन कर राशि की मांग की जिसकी शिकायत संवेदक ने जसीडीह थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की शिकायत के सात दिन बाद ही दर्जनों हथियारबंद माओवादियों ने पुल पर हमला कर सात मजदूरों को बंधक बना लिया था। साथ ही संवेदक से राशि की मांग का दबाव बनाना शुरू किया। इस दौरान नक्सलियों ने बंधक बने सभी मजदूरों को लगभग आठ दिनों तक अपने यहां रखा है। जिसके बाद देवघर के निवर्तमान एसपी प्रभात कुमार की पहल पर सभी को सुरक्षित मुक्त कराया गया था। इस घटना की प्राथमिकी जसीडीह थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि जानकारी मिली कि संबंधित आरोपित बिहार के चकाई स्थित राणा दस्ता के सदस्य का हाथ है। उन्होंने घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से सभी आरोपित लगातार फरार चल रहा था। जिसे जसीडीह पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया।
इधर, घटना की जानकारी जमुई एसपी को होने के बाद वे आरोपित से संबंधित कांड से पूछताछ के बाद आरोपित को जसीडीह पुलिस को सौंप दिया है। जसीडीह सर्किल इंस्पेक्टर विक्रम प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित नक्सली को गिरफ्तार करने में सुभाष रजक चकाई थाना और भेलवा घाटी थाना के साथ भारी संख्या में सीआरपीएफ के जवान मौजूद थे।