164 बड़े होल्डिंग बकायेदारों को नोटिस भेजेगा निगम, लिस्ट में बीआइटी और सिविल सर्जन भी
नगर निगम होल्डिंग टैक्स वसूली को लेकर बड़े निजी बकायेदारों पर शिकंजा कसे हुए है। होल्डिंग टैक्स अदायगी के लिए धड़ाधड़ बकायेदारों को नोटिस भेज रहा है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: नगर निगम होल्डिंग टैक्स वसूली को लेकर बड़े निजी बकायेदारों पर शिकंजा कसे हुए है। होल्डिंग टैक्स अदायगी के लिए धड़ाधड़ बकायेदारों को नोटिस भेज रहा है। पिछले सप्ताह झरिया के एक दर्जन मैरेज हॉल, गेस्ट हाउस, लॉज एवं स्कूलों को तीन दिनों के अंदर टैक्स जमा करने का अल्टीमेटम दिया गया था। इसी कड़ी में 164 बड़े बकाएदारों का नाम चिह्नित किया गया है। इसमें केंद्रीय संस्थान, राज्य के सरकारी विभाग, शिक्षण संस्थान व प्राइवेट लोग शामिल हैं। बीआइटी सिंदरी, सेल, सीपीडब्ल्यूडी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, एसएसएलएनटी कॉलेज, पीके रॉय मेमोरियल, माइंस रेस्क्यू स्टेशन जैसे बकायेदार निगम के टारगेट में हैं। इन्हें नोटिस भेजते हुए तीन दिन के अंदर टैक्स जमा करने की हिदायत दी जाएगी। जमा नहीं करने पर निगम बैंक खाता जब्त करने का कदम उठाएगा।
अबतक 18 करोड़ की टैक्स वसूली: चालू वित्तीय वर्ष में नगर निगम अबतक 18 करोड़ टैक्स की वसूली कर चुका है। 15 मार्च तक नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज व ट्रेड लाइसेंस से इतना टैक्स वसूला है। पिछले वित्तीय वर्ष में 12 करोड़ ही टैक्स आया था। मार्च खत्म होने तक निगम 20 करोड़ टैक्स प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है।
22 से सभी अंचलों में चलेगा टैक्स काउंटर: वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना देखते हुए नगर निगम ने होली के बाद सभी अंचलों में होल्डिंग टैक्स का काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। नगर निगम के मुख्य कार्यालय के अलावा झरिया, सिंदरी, छाताटांड़ व कतरास अंचल में टैक्स काउंटर खुलेगा। ये अस्थाई काउंटर 31 मार्च तक रहेंगे।
ये हैं बकायेदार
बीआइटी सिंदरी - 77.76 लाख
सिवल सर्जन - 61.27 लाख
सीपीडब्ल्यूडी - 49.28 लाख
सेल - 37.28 लाख
डीपीएस - 34.15 लाख
माइंस रेस्क्यू स्टेशन - 32.50 लाख
पीडब्ल्यूडी - 30.74 लाख
एसएसएलएनटी कॉलेज - 28.71 लाख
जिला परिषद - 21.14 लाख
पॉलीटेक्निक भागा - 21.11 लाख
सहायक विद्युत अभियंता - 15.46 लाख
पीके रॉय कॉलेज - 12.66 लाख
वन विभाग - 10.06 लाख
सीपीडब्लयूडी - 8.50 लाख