डोर-टू-डोर जाकर कोरोना जांच कर रहे 60 MPW को दो माह से नहीं मिला वेतन, CS से लगाई गुहार Dhanbad News
धनबाद स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत मल्टी परपस वर्कर (एमपीडब्ल्यू) को दो माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से इनकी स्थिति खराब हो रही है।
धनबाद, जेएनएन। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत मल्टी परपस वर्कर (एमपीडब्ल्यू) को दो माह से वेतन नहीं मिला है। यह सभी एमपीडब्ल्यू कोरोना वायरस की जांच में घर-घर सर्वे कर रहे हैं। वेतन नहीं मिलने से इनकी स्थिति खराब हो रही है। इस संबंध में कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर जल्द वेतन भुगतान करने की गुहार लगाई है।
कर्मचारी विजय कुमार ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से स्थिति खराब हो रही है। झारखंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के नंदलाल गोप ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है। एक और जान हथेली में रखकर कर्मचारी सेवा दे रहे हैं। दूसरी ओर उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। यह काफी दुखद है। इसकी सूचना प्रधान सचिव को भी दी गई है।
तोपचांची का कर्मचारी हुआ जख्मी : तोपचांची में कार्यरत एमपीडब्ल्यू सुजीत कुमार दास सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गए हैं। विजय कोरोना वायरस की जांच के बाद ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। तभी एक वाहन की चपेट में आने से उनका पैर टूट गया। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी स्थिति में जख्मी की मदद करना जरूरी है। वेतन नहीं मिलना और परेशानी का सबब बन गया है।
मल्टी परपस वर्कर का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। समस्याएं दूर करने का प्रयास की जा रही है। -डॉ गोपाल दास, सिविल सर्जन, धनबाद।