सांसद ने साधा निशाना, बोले- विपक्ष के पास मुद्दा नहीं, सिर्फ सीएम पद के उम्मीदवार हैं Dhanbad News
विपक्ष के पास एक दर्जन मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। उनकी सरकार बनती है और एक साल में गिर जाती है। यह बातें धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने रविवार को कतरास मोड़ में कही।
संवाद सहयोगी, झरिया: विपक्ष के पास एक दर्जन मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। उनकी सरकार बनती है और एक साल में गिर जाती है, जबकि भाजपा की सरकार लगातार पांच वर्षों तक चलती है। झारखंड में स्थिर सरकार के कारण तीव्र विकास हो रहा है। इस बार भी स्थिर सरकार बनेगी। उक्त बातें धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने रविवार को कतरास मोड़ आइएसएल स्कूल परिसर में झरिया विधानसभा कोर कमेटी, मंडल कमेटी, बूथ कमेटी और विभिन्न मोर्चा के अध्यक्ष व पदाधिकारियों की बैठक में कही। कहा कि झरिया की भाजपा प्रत्याशी रागिनी सिंह की जीत के लिए एक-एक कार्यकर्ता लग चुका है।
महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिग्रीवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत हम 65 पार करेंगे। रागिनी झरिया से प्रचंड बहुमत से जीतकर विधानसभा पहुंचेगी। संचालन जिला उपाध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी ने किया। रागिनी सिंह, जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, जियाडा के स्वतंत्र निदेशक सत्येंद्र कुमार, पूर्व विधायक कुंती देवी, महावीर पासवान, राजकुमार अग्रवाल, संजय झा, मानस प्रसून, स्वरूप भट्टाचार्य, अमलेश सिंह थे।