बजाना के लाइव शो से जुड़े सांसद पीएन सिंह, कोरोना से लड़ाई में केंद्र के प्रयासों की दी जानकारी Dhanbad News
सांसद पीएन सिंह ने कहा कि पूरे बिहार और झारखंड की जनता में इस महामारी को लेकर काफी जागरूकता है। लोग सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का नियमित रूप से पालन कर रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नोर्थ अमेरिका (बजाना) की तरफ से फेसबुक लाइव के द्वारा सोमवार को कोविड-19 पर चर्चा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीय डॉक्टरों ने वैश्विक महामारी कोविड-19 से जुड़े तथ्यों पे प्रकाश डाला। बजाना के सौजन्य से यह इस प्रकार का चौथा सत्र था जिसमें लाइव आडियन्स की भारी मात्रा में उपस्थिति दर्ज की गयी जिसमें अमेरिका के साथ-साथ भारत के कई राज्यों से भी लोग जुड़े और उन्होंने सवाल पूछे। कार्यक्रम के चौथे सत्र में विशेष अथिति के रूप में धनबाद के सांसद पीएन सिंह शामिल हुए। उन्होंने काफी विस्तार में बजाना से बातचीत की तथा अपने चुनाव क्षेत्र धनबाद की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि धनबाद में आज के दिन कोई भी कोविड-19 से ग्रसित नहीं है। यह राहत की बात है।
सांसद सिंह ने कहा कि पूरे बिहार और झारखंड की जनता में इस महामारी को लेकर काफी जागरूकता है और सभी लोग सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का नियमित रूप से पालन कर के खुद को भी सुरक्षित रख रहे हैं। व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में अपना हर संभव योगदान दे रहे हैं। सिंह ने बातचीत के दौरान केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं की भी जानकारी दी। बजाना की ओर से बिहार-झारखंड में चलाये जा रहे राहत कार्यों की प्रशंसा करते हुए सिंह ने प्रोत्साहन और मनोबल बढ़ाया।
बजाना के प्रयास से किए जा रहे दो घंटे के सत्र में इस बार पैनेलिस्ट में डॉक्टर अविनाश गुप्ता (कार्डियोलॉजिस्ट, प्रेसीडेंट बजाना), डॉक्टर मुकेश एन रॉय (डायरेक्टर न्यू जर्सी हेल्थ डिपार्टमेंट), डॉक्टर संजय कुमार(इंटर्निस्ट), डॉक्टर अर्चना नारन (रेडिआलॉजिस्ट) मुख्य रूप से जुड़े और उन्होंने लाइव दर्शकों के सभी सवालों का काफी सहजता से उत्तर दिए। इस संकट की घड़ी में सभी से सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते रहने का आग्रह भी किया।