झरिया में अच्छा माहौल के लिए मिलजुलकर किया जाएगा प्रयास
सोशल मीडिया फेसबुक पर तीन माह पूर्व एक धर्म के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी पर गुरुवार को झरिया में जमकर बवाल हुआ था। घटना के पांचवें दिन मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ऊपर राजबाड़ी रोड़ पहुंचे।
झरिया/लोदना : सोशल मीडिया फेसबुक पर तीन माह पूर्व एक धर्म के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी पर गुरुवार को झरिया में जमकर बवाल हुआ था। घटना के पांचवें दिन मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ऊपर राजबाड़ी रोड़ पहुंचे। पीड़ित लोगों से मिलकर घटना की जानकारी ली। मेयर ने कहा कि घटना भीड़ की मानसिकता का परिणाम है। कुछ लोगों के उकसाने पर भीड़ ने घटना को अंजाम दिया। ऐसे मामलों में लोगों को संयम से काम लेना चाहिए। पुलिस मौके पर रहने के बावजूद कार्रवाई से चूक गई। जिस कारण इतनी बड़ी घटना हुई। कहा कि दोनों समुदाय के लोगों से बात कर झरिया में एक अच्छा माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि पुलिस सरकार के दबाव में काम नहीं कर रही है। झरिया के वातावरण को और बेहतर बनाएंगे। घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों से बात करेंगे। मेयर ऊपर राजबाड़ी रोड में रहनेवाले विहिप के संजीव गिरि के रिश्तेदार अशोक गिरि से मिलकर मामले की जानकारी ली। मौके पर पार्षद सुमन अग्रवाल, स्वरूप भट्टाचार्या, निर्मल अग्रवाल, प्रकाश बाउरी, रिकू शर्मा, बप्पी बाउरी, विजय बर्णवाल, अरूण जायसवाल, सपन मजुमदार, अखिलेश सिंह, राजकुमार केसरी, अनिता देवी, सरिता देवी, चंदन विश्वकर्मा, दिलीप भारती, अभिषेक सिह, दिलीप आडवानी आदि थे।
...
शिकायतकर्ता का सहमा है पूरा परिवार :
ऊपर राजबाड़ी निवासी मामले के शिकायतकर्ता गोपाल तुलस्यान ने मेयर से कहा कि सिदरी रोड की ओर निकलना मुश्किल हो गया है। उस ओर जाते ही दूसरे पक्ष के लोग अंगुली दिखा कर कहते हैं कि यही शिकायत करनेवाला गोपाल है। कहा कि घटना के बाद से पूरा परिवार सहमा है। पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही है। मामले को लेकर तीन प्राथमिकी में 14 नामजद व 50-60 अज्ञात के खिलाफ शिकायत के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जबकि पुलिस को घटना में शामिल लोगों का सीसीटीवी फुटेज भी दिया गया। ऐसे में हमारे साथ किसी अनहोनी से इन्कार नहीं किया जा सकता है। वहीं की रहनेवाली सरिता, अनिता, खुशबू, सावित्री ने मेयर को बताया मुहल्ले के लोग व कई महिलाएं भी ऊपर कुल्ही सिदरी रोड़ में लगे नल से पानी लाते हैं। घटना के बाद से दूसरे पक्ष के लोग पानी लेने नहीं दे रहे हैं। हमारे मुहल्ले में एक भी नल नहीं है।