छात्राओं से छेड़खानी पर भड़के लोग, बोर्रागढ़ ओपी को घेरा
स्कूल से घर लौट रहीं दो छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है।
संस, धनसार : बोर्रागढ़ क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय से भाई के साथ घर जा रहीं दो छात्राओं के साथ चाकू की नोक पर छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार की देर शाम बोर्रागढ़ ओपी का घेराव कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। छात्रा के भाई के बयान पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
छात्राओं के भाई का कहना है कि वह अपने मामा घर कसियाटांड़ भागाबांध में रहकर दोनों बहनों के साथ पढ़ाई करता है। प्रतिदिन ममेरी व मौसेरी बहन के साथ बोर्रागढ़ स्कूल पढ़ने आता है। वह भी उसी विद्यालय में दसवीं का छात्र है। उसकी ममेरी बहन दसवीं और मौसेरी बहन नवमी की छात्रा है। शनिवार को छुट्टी होने के बाद अपने दोनों बहनों के साथ घर आ रहा था। तभी बोर्रागढ़ गोलाई के पास सूरज पासवान और वाजिद अंसारी अश्लील हरकत करते हुए फब्तियां कसने लगे। विरोध किया तो दोनों चाकू निकाल लिया।
स्थानीय लोगों के जुटने के बाद हम घर आ गए। शाम को जब बोर्रागढ़ दूध लेने पहुंचे तो दोनों ने पिटाई कर दी। उसके बाद अपने घर कसियाटांड़ पहुंचकर परिजन को घटना की जानकारी दी। पुलिस आरोपितों की तलाश में उसके आवास बोर्रागढ़ कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्र में छापेमारी कर रही है। ...
छात्रा से छेड़खानी के मामले में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की छापेमारी हो रही है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- केपी ¨सह, बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी