विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फ्लाईओवर बनाने की मांग की, ज्ञापन को लेकर सियासत शुरू Dhanbad News
धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौपने की बात ट्वीट की। इसके बाद सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की साथ उनकी तस्वीर और ज्ञापन वायरल होने लगी।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मटकुरिया से बैंकमोड़ होते हुए पूजा टॉकीज तक फ्लाई ओवर निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि आर्थिक और व्यवसायिक दृष्टिकोण से धनबाद एक महत्वपूर्ण शहर है। लेकिन यहां जाम के कारण घंटों वाहन फंसे रहते हैं। एंबुलेंस तक का निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वहां फ्लाइओवर होना अत्यंत आवश्यक है।
भाजपा विधायक ने कहा कि वर्ष 2016-17 के बजट में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बजट भाषण में घोषणा की थी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने कई बार प्रस्ताव भी भेजा है। यह धनबाद के जनता की बहुप्रतिक्षित मांग रही है। विधानसभा में कई बार आवाज भी उठाई है। तब नेता प्रतिपक्ष रहते हुए हेमंत सोरेन ने इसका समर्थन भी किया था। विधायक ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण करने पर गंभीरता से विचार करें, ताकि धनबाद के लोगों को राहत मिल सके।
राज सिन्हा ने कहा कि फ्लाईओवर के अलावा शहर में बिजली संकट, एयरपोर्ट पर भी बात हुई। कपड़ा फुटवियर की दुकाने खोलने को लेकर भी सकारात्मक बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री ने कोरोना संकट से उबरने के बाद हर मुद्दों पर पहल की बात कही है। बता दें कि धनबाद में बिजली संकट की समस्या गहराती जा रही है। यहां कई इलाकों में दिन में चार से पांच घंटे बिजली कटना आम हो गया है। पूर्व की सरकार ने भी धनबाद को 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, लेकिन समस्या बनी हुई है।
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से धनबाद विधायक की मुलाकात को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। इससे पहले ही राज सिन्हा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ कर चुके हैं। दरअसल, विधायक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौपने की बात ट्वीट की। इसके बाद सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की साथ उनकी तस्वीर और ज्ञापन वायरल होने लगी। इस दौरान इस बात की भी चर्चा हुई कि पूर्व की सरकार में धनबाद को फ्लाईओवर नहीं मिल सका।