Jharkhand Assembly Election 2019: फूल छिन जाने से फूलचंद समर्थक नाराज, BJP सांसद को घेरा
टिकट कटने से नाराज सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल 14 नवंबर को अपनी अगली रणनीति का खुलासा करेंगे। वह पुत्र धरनीधर मंडल के साथ क्षेत्र का दाैरा कर रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। सिंदरी विधानसभा क्षेत्र से टिकट कट जाने से भाजपा विधायक फूलचंद मंडल खासे नाराज हैं। सीटिंग विधायक मंडल का टिकट काटकर भाजपा ने जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष इंद्रजीत महतो को कमल फूल थमा दिया है। इससे नाराज विधायक मंडल के समर्थकों ने बुधवार को धनबाद के सांसद पीएन सिंह का घेराव किया। रोषपूर्ण प्रदर्शन कर भाजपा नेतृत्व से फैसले पर पुनर्विचार करवाने की मांग की।
विधायक मंडल के प्रतिनिधि और धनबाद जिला भाजपा के उपाध्यक्ष मोहन कुंभकार के नेतृत्व में काफी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बुधवार सुबह धनसार स्थित धनबाद के भाजपा सांसद पीएन सिंह के घर पहुंचे। सांसद को घेरकर रोष प्रकट किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विधायक हमेशा सांसद के प्रति प्रतिबद्ध रहे लेकिन उन्होंने उनके लिए वैसी पैरवी नहीं की जैसा कि उन्हें करना चाहिए था। सांसद ने आश्वस्त किया कि वह कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नेतृत्व तक पहुंचाने का काम करेंगे।
दूसरी तरफ टिकट कटने से नाराज सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल 14 नवंबर को अपनी अगली रणनीति का खुलासा करेंगे। मंगलवार को धनबाद पहुंचने के बाद उन्होंने पुत्र धरनीधर मंडल के साथ बलियापुर क्षेत्र का दौरा किया। वहां उन्होंने हर पंचायत से एक कार्यकर्ता को आमंत्रित किया था। तकरीबन 200 कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में अगली रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने उनका टिकट कटने पर रोष जताते हुए हर हाल में सिंदरी से चुनाव लडऩे को कहा। विधायक ने 14 नवंबर को दुर्गा मंदिर प्रांगण में बैठक बुलाने की बात कही। कहा कि इसी में निर्णय लिया जाएगा कि वे कैसे चुनाव लड़ेंगे। उनके साथ विधायक प्रतिनिधि मोहन कुंभकार सहित अन्य प्रमुख नेता भी थे।
कोई पार्टी बुलाए तभी जाएंगे : विधायक फूलचंद मंडल ने कहा कि कोई पार्टी उन्हें बुलाए तभी वे जाएंगे। अन्यथा उनके पास पर्याप्त कार्यकर्ताओं का संगठन है। वे उनके भरोसे भी चुनाव लड़ सकते हैं और जीत सकते हैं। टिकट पार्टी ने काटा है कार्यकर्ताओं और जनता ने नहीं। हरियाणा में ऐसे ही कई उम्मीदवार जीते।