नजर चुराते हुए ढुलू ने संजीव से जेल के सेल में की मुलाकात, अब दुख का समय काटेंगे साथ-साथ Dhanbad News
धनबाद जेल के अंदर सेल कैंपस है। इसके अंदर छह सेल है। एक सेल में पहले से विधायक संजीव सिंह हैं। विधायक ढुलू महतो भी जेल जाने के बाद सेल कैंपस ही पहुंचे।
धनबाद [ जागरण स्पेशल ]। । अक्सर ऐसा ही होता है जब एक-दूसरे को न सुहाने वाले दो लोगों के बीच प्रतिकूल समय में मजबूरन आमना-सामना होता है जैसा कि सोमवार को धनबाद मंडल कारा (धनबाद जेल) में हुआ। भाजपा विधायक ढुलू महतो जेल में पहले से माैजूद भाजपा के पूर्व विधायक संजीव सिंह से मिले तो नजर चुराते रहे। वे संजीव से आंख में आंख डालकर सामना नहीं कर पा रहे थे। खैर, जेल के अंदर सेल कैंपस में दोनों के बीच दूरियां मिटने में देर नहीं लगी। अब साथ-साथ अपने-अपने दुखों को शेयर कर मन को हल्का कर रहे हैं। जेल में आगे भी करते रहेंगे। जब तलक जमानत नहीं मिल पाती दोनों जेल में साथ-साथ ही रहेंगे।
पुलिस की दबिश के डर से विधायक ढुलू महतो ने किया आत्मसमर्पण
झारखंड की राजनीति में भाजपा विधायक ढुलू महतो किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। पिछले पांच साल-जब तक भाजपा की सरकार थी और रघुवर दास मुख्यमंत्री थे, ढुलू महतो की तूती बोल रही थी। उनके हर करम-धतकरम को धनबाद पुलिस पवित्र मानकर सम्मान करती थी। लेकिन, सरकार बदलते ही समय का पहिया घूम गया। ढुलू पर दुष्कर्म, रंगदारी, जमीन कब्जा और न जाने-जाने किन-किन धाराओं में पुलिस ने धड़ाधड़ मामला दर्ज कर शुरू किया। उनको पकड़ने के लिए पुलिस ने 19 फरवरी, 2020 को चिटाही स्थित उनके आवास में छापा मारा तो वे पिछले दरवाजे से भाग निकले। करीब तीन महीने तक भागते-छिपते चल रहे विधायक ढुलू ने सोमवार को धनबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। कोर्ट ने जमानत रद कर उन्हें न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया।
नीरज हत्याकांड में तीन साल से जेल में बंद हैं संजीव सिंह
भाजपा के पूर्व विधायक संजीव सिंह अपने चचेरे भाई धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के आरोप में तीन साल से धनबाद जेल में बंद हैं। 21 मार्च, 2017 को नीरज सिंह और उनके तीन समर्थकों को सरायढेला में गोलियों से भून दिया गया था। 11 अप्रैल, 2017 को संजीव सिंह जेल भेजे गए थे। तब झरिया के विधायक थे। उनकी पार्टी भाजपा की सरकार थी। भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, धनबाद के सांसद पीएन सिंह, धनबाद के विधायक राज सिन्हा समेत कोयलांचल के तमाम छोटे-बड़े नेता जेल में संजीव से मिलने जाते रहे हैं। लेकिन तीन साल में भाजपा विधायक ढुलू महतो एक बार भी संजीव से मिलने जेल नहीं गए। इस बात का अहसास विधायक ढुलू महतो को था। जेल सूत्रों ने बताया कि सोमवार को ढुलू जब धनबाद मंडल कारा के अंदर पहुंचे तो पूर्व विधायक संजीव सिंह से नजर चुराते हुए मिले।
पहले ही जेल के अंदर पहुंच गया था विधायक ढुलू का मैत्री संदेश
विधायक ढुलू महतो आत्मसमर्पण कर धनबाद जेल आने वाले हैं इस बात का संदेश पहले ही जेल के अंदर पूर्व विधायक संजीव सिंह तक पहुंच गया था। सूत्रों के अनुसार विधायक ढुलू का खास आदमी पूर्व विधायक संजीव सिंह के आदमी तक संदेश लेकर पहुंचे। यह संदेश जेल के अंदर पहुंचा। विधायक संजीव ने कहा था कि आना हैं तो आएं। यहां कोई दिक्कत नहीं होगी। धनबाद जेल के अंदर सेल कैंपस है। इसके अंदर छह सेल है। एक सेल में पहले से विधायक संजीव सिंह हैं। सोमवार को विधायक ढुलू भी जेल जाने के बाद सेल कैंपस ही पहुंचे। उन्हें एक सेल में क्वारंटाइन कर रखा गया है। दोनों एक ही कैंपस में आस-पास के सेल में हैं। जेल के अंदर से छनकर आ रही खबरों के अनुसार मंगलवार को दोनों के बीच सहज भाव से मुलाकात हुई। दोनों एक-दूसरे के सेल में जाकर दुख-सुख की बातें कर रहे हैं। यह सिलसिला अब जमानत मिलने तक चलता रहेगा।